न्यूयॉर्क के दक्षिणी जिले में अमेरिकी जिला न्यायाधीश ने निखिल गुप्ता को 235 महीने की जेल की सजा सुनाई है। दिल्ली निवासी 55 वर्षीय गुप्ता ने इस साल 13 फरवरी को तीन आरोपों को स्वीकार किया था, जिनमें हत्या की साजिश रचना, उसके लिए किसी की मदद लेना और आर्थिक लाभ के लिए मनी लॉन्ड्रिंग का प्रयास शामिल है। ब्रुकलिन के मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में उन्हें 'इंडियन योगा' कहकर बुलाया जाता था।

अभियोजन पक्ष के अनुसार, गिरफ्तारी से पहले अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने गुप्ता पर निगरानी शुरू कर दी थी। उन्होंने एक ऐसे व्यक्ति से बातचीत शुरू की, जिसने खुद को ड्रग तस्कर बताया, लेकिन वह एजेंसी का अपना आदमी था। उसी व्यक्ति ने गुप्ता की मुलाकात एक अन्य व्यक्ति से कराई, जिसे 'हिटमैन' बताया गया। बाद में पता चला कि वह भी अंडरकवर अधिकारी था। अभियोजन पक्ष ने अदालत में कहा कि गुप्ता ने अंडरकवर अधिकारी को बताया था कि गुरपतवंत सिंह पन्नू अकेला हो तो उस पर हमला करना है, और अगर वह किसी के साथ हो तो सबको खत्म कर देना है।

अभियोजन पक्ष ने मामले को 'राजनीतिक हत्या की कोशिश' से जोड़ते हुए कठोर सजा की मांग की थी। बचाव पक्ष ने 144 महीने की सजा का आग्रह करते हुए कहा था कि गुप्ता को इस साजिश से कोई आर्थिक लाभ नहीं होने वाला था और उन पर दबाव था। गुप्ता को 30 जून, 2023 को चेक गणराज्य में अमेरिका के अनुरोध पर गिरफ्तार किया गया था और 14 जून, 2024 को न्यूयॉर्क लाया गया था।

अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के दस्तावेजों में रॉ के पूर्व अधिकारी विकास यादव का भी जिक्र है। दिल्ली पुलिस ने दिसंबर 2023 में यादव को अपहरण एवं जबरन वसूली के मामले में गिरफ्तार किया था, और अप्रैल 2024 में जमानत मिलने के बाद से उनकी कोई सूचना नहीं है। एफबीआई ने अक्टूबर 2024 में यादव को वांटेड सूची में शामिल किया था। अभियोजन पक्ष के अनुसार, 18 जून 2023 को ब्रिटिश कोलंबिया के सरे में गुरुद्वारे के बाहर हरदीप सिंह निज्जर की गोली मारकर हत्या के बाद यादव ने गुप्ता को एक वीडियो भेजा था।