हैदराबाद पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। लश्कर-ए-तैयबा के नाम से मिले एक खत में शहर में दो बम धमाके करने और कम से कम 300 लोगों की जान लेने की धमकी दी गई है। खत में 26 नवंबर 2008 के मुंबई हमलों जैसा हमला उसी तारीख को दोहराने की बात भी कही गई है।

हैदराबाद सिटी के जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (स्पेशल ब्रांच) ने सीनियर पुलिस अधिकारियों को लिखे एक लेटर में बताया कि भेजने वाले ने शहर में दो बम धमाके करने की धमकी दी है। खत के मुताबिक, इन धमाकों का मकसद कम से कम 300 लोगों को मारना है। इसमें 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमलों को उसी तारीख पर हैदराबाद में दोहराने की धमकी भी दी गई है।

बताया जा रहा है कि यह धमकी दक्षिण कश्मीर के लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी लतीफ भट की हत्या का बदला लेने के लिए दी गई है। खत में उसे लश्कर का आतंकी बताया गया है। लतीफ भट को 18 नवंबर को कुलगाम जिले के जंगलपोरा इलाके में एक एनकाउंटर के दौरान सुरक्षा बलों ने मार गिराया था।

खत मिलने के बाद हैदराबाद पुलिस अलर्ट हो गई है। होटल टूरिस्ट प्लाजा, काचीगुडा, काचीगुडा रेलवे स्टेशन के साथ-साथ भीड़-भाड़ वाली सार्वजनिक जगहों, होटलों, रेलवे स्टेशनों, बस स्टेशनों, धार्मिक स्थानों और अन्य जरूरी जगहों पर सुरक्षा और निगरानी बढ़ाने को कहा गया है। संदिग्ध लोगों, लावारिस सामान, गाड़ियों और किसी भी अजीब गतिविधि पर खास ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। पेट्रोलिंग बढ़ाने, एंटी-सैबोटेज चेक करने और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के साथ बेहतर तालमेल रखने को भी कहा गया है, ताकि किसी भी अनहोनी से समय रहते निपटा जा सके।