इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) की नई रिपोर्ट के अनुसार, सर्दी-खांसी जैसी आम बीमारियों में इस्तेमाल होने वाली एंटीबायोटिक दवाएं अब बेअसर हो रही हैं। यह रिपोर्ट ICMR के 'एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस सर्विलांस एंड रिसर्च नेटवर्क' ने साल 2025 के लिए जारी की है। रिपोर्ट के मुताबिक, यूरिन इन्फेक्शन (UTI) और निमोनिया जैसी बीमारियों में इस्तेमाल होने वाली दवा 'सेफोटैक्सिम' अस्पतालों में 'ई. कोलाई' बैक्टीरिया के सैंपल पर सिर्फ 18.4 प्रतिशत मामलों में ही संक्रमण से लड़ने में कामयाब रही। वहीं, 'कार्बापेनेम्स' जैसी एंटीबायोटिक्स, जिन्हें आखिरी और सबसे शक्तिशाली विकल्प माना जाता है, का असर भी कम हो रहा है।

ICMR के डिस्क्रिप्टिव रिसर्च डिविजन की प्रमुख डॉ. कामिनी वालिया के अनुसार, दवाओं के बेअसर होने की यह समस्या छोटे अस्पतालों तक भी पहुंच चुकी है। रिपोर्ट में बताया गया है कि 'ई. कोलाई' बैक्टीरिया पर 'सेफ्ट्रिएक्सोन' नाम की दवा का असर लगातार घट रहा है। एंटीबायोटिक दवाओं के असर में इस गिरावट के पीछे लापरवाही भरा रवैया एक बड़ा कारण माना जा रहा है।

18 नवंबर को 'विश्व एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस जागरूकता सप्ताह' की शुरुआत के मौके पर स्वास्थ्य मंत्रालय ने गहरी चिंता जताई है। मंत्रालय के अनुसार, बिना डॉक्टर की पर्ची के मेडिकल स्टोर से मनमर्जी से एंटीबायोटिक खरीदना और गलत तरीके से दवाइयां लिखना इस बड़े स्वास्थ्य संकट की जड़ है।