महाराष्ट्र के अकोला निवासी निहार लोहिया ने आईआईटी गुवाहाटी से 2018 में केमिस्ट्री में बीटेक किया। इसके बाद करीब पांच साल तक ओला और कॉइनडीसीएक्स जैसी कंपनियों में प्रोडक्ट मैनेजर के तौर पर काम किया। 2023 में नौकरी छोड़कर घर लौटे और पिता के 30 साल पुराने फर्नीचर कारोबार में हाथ बंटाने लगे। इस दौरान उन्होंने देखा कि भारतीय बाजार में वैज्ञानिक ढंग से डिजाइन की गई एर्गोनोमिक कुर्सियों की भारी कमी है। खुद कमर दर्द से जूझ चुके निहार को लगा कि यहां कुर्सियां सस्ती और दिखने में अच्छी बनती हैं, लेकिन भारतीय शरीर की बनावट के अनुरूप डिजाइन नहीं होतीं।
इस मौके को भुनाने के लिए वह पिता के साथ चीन गए और वहां के मैन्युफैक्चरर्स को 100 प्रीमियम कुर्सियों का ऑर्डर दिया। अकोला जैसे टियर-3 शहर में शुरुआत में खरीदार न मिलने पर उन्होंने बेंगलुरु और मुंबई के कामकाजी पेशेवरों को टारगेट किया। मई 2024 में अपनी वेबसाइट के जरिए 'SuperErgo' लॉन्च किया। पिता से मिली शुरुआती पूंजी और पहले साल 30 लाख रुपये के लोन के साथ उन्होंने आईआईटी-आईआईएम एलुमनाई नेटवर्क और लिंक्डइन के जरिए ऑर्गेनिक मार्केटिंग शुरू की। पहले डेढ़ साल तक उन्होंने खुद 'चिराग' नाम से कस्टमर सपोर्ट संभाला और 3,000 से ज्यादा ग्राहकों से सीधे बात कर उत्पादों में सुधार किया।
स्टार्टअप मुख्य रूप से तीन कैटेगरी में काम करता है—एर्गोनोमिक कुर्सियां, हाइट-एडजस्टेबल सिट-स्टैंड टेबल और वर्कस्पेस एक्सेसरीज। कुल बिक्री में एर्गोनोमिक कुर्सियों की हिस्सेदारी 80-85 फीसदी है। कंपनी के तीन प्रमुख चेयर मॉडल 'द नोविस', 'द स्पेशलिस्ट' और 'द डायरेक्टर' BIFMA सर्टिफाइड हैं, जिनमें स्पाइनफॉर्म तकनीक और क्लाउडफोम सीट जैसी खूबियां हैं। कंपनी चीन के कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरर्स से तैयार पुर्जे मंगवाकर भारत स्थित अपनी फैक्ट्री में असेंबल करती है और अब पूरी तरह इन-हाउस मैन्युफैक्चरिंग की दिशा में बढ़ रही है।
वित्तीय मोर्चे पर कंपनी ने पहले साल 66 लाख और दूसरे साल 3.2 करोड़ रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया। मौजूदा वित्त वर्ष में उसने 10 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है और अब 15-18 करोड़ रुपये का टारगेट लेकर चल रही है। अमेजन या फ्लिपकार्ट जैसे मार्केटप्लेस से दूर रहकर कंपनी अपनी वेबसाइट और पेपरफ्राई के साथ ऑफलाइन साझेदारी के जरिए उत्पाद बेचती है। ग्राहकों में भारत के अटॉर्नी जनरल से लेकर मोकोबारा और अर्बन कंपनी जैसी कंपनियों के फाउंडर्स शामिल हैं। निहार अब अपने रिटेल स्टोर खोलने की तैयारी कर रहे हैं।