तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर शनिवार को 150 से अधिक वर्षों में पहली बार "दीपथून" स्तंभ पर कार्तिगई दीपम जलाया गया। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर हाई कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों एस. वैद्यनाथन और वी. पार्थिबन की मौजूदगी में शाम पांच बजे दीप प्रज्वलित किया गया। इस ऐतिहासिक पल के गवाह हजारों श्रद्धालु बने, जबकि दीपथून के पास आम लोगों के प्रवेश की अनुमति नहीं थी और समारोह में चुनिंदा लोग ही शामिल थे। पहाड़ी की तलहटी, पास के फ्लाईओवर, घरों और ऊंची इमारतों की छतों पर खड़े लोगों ने दीप जलते ही भगवान मुरुगन के जयकारे लगाए।

दीप प्रज्वलित होते ही पत्थर के इस स्तंभ पर दीप जलाने का अधिकार पाने के लिए लंबे समय से संघर्ष कर रहे श्रद्धालु और हिंदू संगठनों के सदस्य भावुक हो गए। कुछ श्रद्धालुओं की आंखों में आंसू आ गए, कई लोगों ने फूल बरसाए। शंख और पारंपरिक वाद्ययंत्र बजाए गए और मंत्रोच्चार हुए। कुछ लोगों ने अपने ऊपरी अंगवस्त्रम हवा में लहराए और आतिशबाजी भी की गई। मिट्टी के बड़े दीपक में 30 किलोग्राम घी और पांच किलो कपूर डाला गया था तथा करीब 50 मीटर लंबी सूती बाती बनाई गई थी।

ब्रिटिश शासन के दौरान 1862 और 1912 में किए गए प्रयासों सहित पहले की कोशिशें नाकाम रहने के बाद पहली बार इस स्थान पर दीपम जलाया गया। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि 19वीं सदी के मध्य से पहले पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में दीप जलाने की कोशिश हुई थी या वहां दीप जलाया गया था। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से संबद्ध हिंदू मुन्नानी ने पिछली सदी के नौवें दशक की शुरुआत में जनमत जुटाने और जन आंदोलन खड़ा करने की पहल की थी, जिसके बाद अदालतों में कानूनी लड़ाई चली। करीब चार दशक बाद इस मुहिम में जुटे लोगों का सपना पूरा हुआ।

सुप्रीम कोर्ट ने 28 नवंबर को दीपथून पर कार्तिगई दीप जलाने का आदेश दिया था और मंदिर तथा तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी की सुरक्षा सीआरपीएफ को सौंप दी थी। 24 नवंबर को दीपक न जलाए जाने पर शुक्रवार को कोर्ट ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव और अन्य अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी करते हुए गहरी नाराजगी जताई थी। उल्लेखनीय है कि तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) सरकार ने वार्षिक कार्तिगई दीपम का आयोजन "उच्ची पिल्लैयार मंडपम" में किया था, जबकि सुप्रीम कोर्ट ने इसे पहाड़ी पर स्थित दीपथून स्तंभ पर जलाने का निर्देश दिया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा था कि पवित्र भाला धारण करने वाले भगवान मुरुगन की जय हो।