भारत में परिसीमन को लेकर चर्चाएं तेज हैं और केंद्रीय कैबिनेट ने परिसीमन विधेयक को मंजूरी दे दी है। इस बीच एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि देश की आबादी में महिलाओं की हिस्सेदारी करीब 49 प्रतिशत है, लेकिन मौजूदा संसद में उनकी संख्या सिर्फ 14 प्रतिशत है। रिपोर्ट के अनुसार, देशभर के 4,666 सांसदों और विधायकों में से केवल 464 यानी महज 10 प्रतिशत महिलाएं हैं।
परिसीमन और संविधान संशोधन बिल के पारित होने की संभावना है, जिसमें लोकसभा और विधानसभाओं की सीटों में 50 प्रतिशत की समान वृद्धि का प्रस्ताव है। इससे लोकसभा की सीटें 850 तक पहुंच सकती हैं। इसके बाद 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू होने का रास्ता साफ होगा। 2029 के लोकसभा चुनाव में महिलाओं की संख्या में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है। एक-तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होने से उनकी भागीदारी और आवाज दोनों मजबूत होंगी।
रिपोर्ट के मुताबिक, पहली लोकसभा (1951-52) में 22 महिलाएं चुनी गई थीं, जो कुल का लगभग 5 प्रतिशत था। वर्तमान में भाजपा के पास सबसे ज्यादा महिला सांसद (31) हैं, इसके बाद कांग्रेस (13) और तृणमूल कांग्रेस (11) का स्थान है। 2024 के चुनाव में 800 महिलाओं ने उम्मीदवारी की, जबकि 1957 में यह संख्या सिर्फ 45 थी। हालांकि, स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में कोई महिला नहीं जीत सकी।
रिपोर्ट में कहा गया है कि चुनाव प्रचार के लिए आर्थिक संसाधनों की कमी महिलाओं के राजनीति में आने की सबसे बड़ी बाधाओं में से एक है। दुनिया के 130 से ज्यादा देशों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए कोटा व्यवस्था लागू है।
