इंडोनेशिया में अधिकारियों ने सोमवार को पूर्व राष्ट्रीय पुलिस प्रमुख समेत छह मौजूदा और पूर्व वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो की सरकार को कमजोर करने की कथित देशद्रोही साजिश में संदिग्ध घोषित किया। राष्ट्रीय पुलिस की आपराधिक जांच एजेंसी बेरस्क्रिम ने जकार्ता में इसकी जानकारी दी। यह जांच राष्ट्रपति और अन्य सार्वजनिक हस्तियों की अवैध फोन टैपिंग के आरोपों से शुरू हुई थी।

अधिकारियों का आरोप है कि संदिग्धों ने तत्कालीन राष्ट्रीय पुलिस प्रमुख जनरल लिस्ट्यो सिगित प्रबोवो को पद पर बनाए रखने और इंडोनेशिया के राजनीतिक परिदृश्य को प्रभावित करने के लिए साजिश रची। बेरस्क्रिम प्रमुख असेप सफरुदीन ने कहा कि इसका मकसद राष्ट्रपति के प्रशासन में जनता का भरोसा कमजोर करना था। लिस्ट्यो सिगित के अलावा स्लामेत उलियांदी, एको हादी सांतसो, अहरी सोंता नसुतियोन, इमान इमानुद्दीन और तेदजो कुसुमो को संदिग्ध बनाया गया है।

छहों पर देशद्रोत, साजिश और सरकार गिराने की तैयारी से जुड़ी दंड संहिता की धाराओं के तहत जांच हो रही है। इनमें लंबी कैद से लेकर उम्रकैद या मृत्युदंड तक का प्रावधान है। जांचकर्ताओं ने कुछ संदिग्धों को हाल के महीनों में हुए सरकार-विरोधी प्रदर्शनों से भी जोड़ा है।

पुलिस ने लोकप्रिय जापानी एनीमे और मांगा फ्रेंचाइजी 'वन पीस' के 20 झंडे और 73.5 करोड़ रुपिया (45,000 अमेरिकी डॉलर) नकद जब्त किए। ये झंडे कुछ प्रदर्शनकारियों के लिए प्रतिरोध का प्रतीक बने हैं।