पांचवीं पीढ़ी के स्टील्थ लड़ाकू विमानों का निर्माण महंगा और जटिल है, लेकिन उन्हें हर समय युद्ध के लिए तैयार रखना उससे भी कठिन काम है। चीन के चेंगदू जे-20 पर हुए एक हालिया अध्ययन में यह चुनौती सामने आई है। इंटरेस्टिंग इंजीनियरिंग के अनुसार, चीनी शोधकर्ताओं ने प्रयोगशाला परीक्षणों में पाया कि रडार तरंगों को सोखने वाली सामग्री यानी रडार-एब्जॉर्बिंग कोटिंग के महज 10 प्रतिशत हिस्से के खराब होने पर उससे टकराकर वापस लौटने वाली माइक्रोवेव ऊर्जा की मात्रा लगभग दोगुनी हो गई। शोधकर्ताओं ने कार्बोनिल आयरन पाउडर और सिलिकॉन रेजिन से बनी मिश्रित सामग्री को टाइटेनियम मिश्र धातु की प्लेटों पर लगाकर 2 से 18 गीगाहर्ट्ज तक की फ्रीक्वेंसी पर इसका परीक्षण किया। अध्ययन में पाया गया कि हल्की खरोंचों का असर सीमित रहा, लेकिन गहरी घिसावट और कोटिंग के उखड़ने से रडार तरंगों को सोखने की क्षमता काफी कमजोर हो गई। कोटिंग हटने पर नीचे की धातु दिखने लगी, जिससे अधिक इलेक्ट्रोमैग्नेटिक ऊर्जा परावर्तित हुई और तरंगों का बिखराव भी बढ़ा।
अध्ययन में स्पष्ट किया गया है कि जे-20 पर इस्तेमाल होने वाली वास्तविक स्टील्थ कोटिंग का परीक्षण नहीं किया गया था। इसने केवल यह दर्शाया कि रडार-रोधी सामग्री को होने वाला नुकसान उसके प्रदर्शन को कैसे प्रभावित कर सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, स्टील्थ विमानों की रखरखाव संबंधी असली कठिनाई यह है कि उनकी उन्नत क्षमताएं कई जुड़े हुए सिस्टम पर निर्भर करती हैं, जिनका हर समय सुचारू रूप से काम करना जरूरी है। पारंपरिक विमानों के विपरीत, इनमें इंजन, हथियार और एवियोनिक्स के अलावा उन विशेषताओं को बनाए रखने के लिए भी विशेष रखरखाव चाहिए जो उन्हें रडार से छिपाए रखती हैं। कई बार सामान्य मरम्मत में भी अतिरिक्त काम करना पड़ता है ताकि विमान की स्टील्थ क्षमता प्रभावित न हो।
उदाहरण के तौर पर अमेरिकी वायुसेना के एफ-22 रैप्टर का अनुभव बताया गया है, जिसकी रडार-रोधी कोटिंग पेंट की साधारण परत नहीं, बल्कि सामग्रियों की एक विशेष प्रणाली है जिसे सावधानी से लगाना, जांचना और मरम्मत के बाद बहाल करना पड़ता है। पैनल हटाने जैसे सामान्य रखरखाव में भी तकनीशियनों को पहले कोटिंग हटानी पड़ती है और काम पूरा होने पर उसे फिर चढ़ाना पड़ता है। इसके अलावा उन्नत इलेक्ट्रॉनिक्स, सेंसर, इंजन और सॉफ्टवेयर का रखरखाव अलग स्तर की जटिलता पैदा करता है, क्योंकि किसी एक पुर्जे या सॉफ्टवेयर में खराबी विमान की विशेष मिशन क्षमता को सीमित कर सकती है।
एफ-35 लाइटनिंग II का उदाहरण देते हुए बताया गया है कि ये चुनौतियां पूरे बेड़े की युद्धक तैयारी को कैसे प्रभावित कर सकती हैं। अमेरिकी सरकारी जवाबदेही कार्यालय (GAO) की जून 2026 की एक रिपोर्ट के अनुसार, एफ-35 बेड़े की मिशन-कैपेबल रेट वित्त वर्ष 2021 के 67 प्रतिशत से घटकर वित्त वर्ष 2025 में 44 प्रतिशत रह गई, जबकि फुल मिशन-कैपेबल रेट इसी अवधि में 38 प्रतिशत से गिरकर 25 प्रतिशत पर आ गई। रिपोर्ट में स्पेयर पार्ट्स की कमी, पुर्जों की मरम्मत में देरी, जंग लगने और रखरखाव के अप्रभावी तरीकों को प्रमुख कारण बताया गया है।
