कानपुर के सराफा बाजार में सोने में हो रही एक नई मिलावट ने ज्वेलर्स और ग्राहकों की चिंता बढ़ा दी है। जांच में पता चला है कि चीन से आ रहे रेनियम पाउडर को सोने में मिलाया जा रहा है, जिसे न सामान्य सुनार पकड़ पा रहे हैं और न ही हालमार्किंग और कैरेट जांचने वाली मशीनें इसका पता लगा पा रही हैं।
आल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन के अध्यक्ष पंकज अरोड़ा के अनुसार, चीन के शेन्जेन शहर से यह रेनियम पाउडर एजेंटों के माध्यम से देश के कई शहरों में बेरोकटोक बेचा जा रहा है। जांच में देखा गया कि 7.830 ग्राम शुद्ध 24 कैरेट सोने में 1 ग्राम रेनियम पाउडर मिलाने से उसका वजन 8.830 ग्राम हो गया। हालमार्क सेंटर और ब्रांडेड शोरूम की कैरेट मशीनों ने इस मिलावटी सोने को 22 कैरेट का शुद्ध सोना बताया और किसी रिपोर्ट में रेनियम की मौजूदगी दर्ज नहीं हुई।
इसके चलते बिरहाना रोड, नयागंज और चौक सराफा बाजार के व्यापारी सतर्क हैं और हालमार्क के जेवर भी सोच-समझकर वापस ले रहे हैं। ज्वेलर्स के सामने सबसे बड़ा संकट एक्सचेंज में आर्थिक नुकसान का है। यदि कोई रेनियम मिला हुआ सोना बेचने या एक्सचेंज करने आता है, तो दुकान की कैरेट मशीन उसे शुद्ध सोना बताएगी और ज्वेलर को असली सोने के दाम चुकाने पड़ेंगे।
कारोबारी पदम अग्रवाल के अनुसार, सराफा बाजार अपनी शुद्धता और ग्राहकों के भरोसे के लिए जाना जाता है, और ऐसे मिलावटी सोने से ईमानदार व्यापारियों की साख पर खतरा मंडरा रहा है। अधिकांश ज्वेलर्स शुद्धता जांचने के लिए एक्सआरएफ या कैरेट मीटर मशीनों पर निर्भर हैं, जो इस पाउडर के आगे फेल साबित हो रही हैं। यदि समय रहते रोक नहीं लगाई गई और जांच की तकनीक को अपग्रेड नहीं किया गया, तो स्थानीय बाजार को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
