सुरक्षा एजेंसियों ने सोमवार को पाकिस्तानी हैंडलरों की ओर से की जा रही साइबर जासूसी की कोशिश का पता लगाया है। अधिकारियों के मुताबिक, ये लोग डिफेंस, पैरामिलिट्री और डिफेंस-सिविलियन अधिकारियों के निजी व्हाट्सएप ग्रुप में घुसे थे। एजेंसियों ने इसे संवेदनशील सुरक्षा ड्यूटी कर रहे अधिकारियों के खिलाफ एक लक्षित साइबर जासूसी अभियान बताया है।
जानकारी के अनुसार, पाकिस्तानी इंटेलिजेंस ऑपरेटिव्स ने करीब 13-14 निजी ग्रुप में घुसपैठ की थी। वे नकली या हैक किए गए भारतीय मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करके इन ग्रुप में ‘साइलेंट मेंबर्स’ की तरह जुड़े रहे और ग्रुप में हो रही बातचीत तथा साझा किए जा रहे दस्तावेजों पर नजर रखते थे।
इसके बाद इन ग्रुप और दूसरे सोशल कम्युनिकेशन प्लेटफॉर्म का ऑडिट कराने और उन्हें साफ करने के आदेश दिए गए हैं, यानी अनजान सदस्यों को हटाने को कहा गया है। पहचाने गए ग्रुप के अलावा एक सामान्य एडवाइजरी भी जारी की गई है, जिसमें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कोई आधिकारिक या गोपनीय जानकारी और डेटा साझा न करने का निर्देश दिया गया है।
इससे पहले अधिकारियों ने बताया था कि एजेंसियों ने एक PIO को पकड़ा था, जो डिफेंस-सिविलियन अधिकारियों के व्हाट्सएप ग्रुप में DRDO की वैज्ञानिक ‘सोनिया’ बनकर शामिल हुआ था। आशंका है कि इस ग्रुप में कुछ संवेदनशील जानकारी पैसे के बदले साझा की गई थी।
