ईरान में 14 वर्षीय किशोरी सोगंद मोश्तारेकी की उसके 20 वर्षीय पति ने पीट-पीटकर हत्या कर दी है। किशोरी ने कुछ दिन पहले ही एक बच्चे को जन्म दिया था। ईरान ह्यूमन राइट्स (IHR) के अनुसार, आरोपी पति ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और इसके पीछे पारिवारिक विवाद को कारण बताया है।

IHR के मुताबिक, केर्मन प्रांत की रहने वाली सोगंद अपने परिवार से मिलने जाना चाहती थी। आरोप है कि उसके पति ने परिवार के साथ उसकी बातचीत पर रोक लगा दी थी और बाहर जाते समय उसे घर के अंदर बंद कर देता था। संगठन ने कहा कि यह मामला ईरान में जबरन शादी के जानलेवा नतीजों को उजागर करता है। सोगंद हाल ही में प्रसव के लिए जाते समय एक सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बची थी और उसने सुरक्षित बच्चे को जन्म दिया था, लेकिन कुछ ही समय बाद उसकी जान चली गई।

सोगंद की मौत उसी दिन हुई, जिस दिन फार्स प्रांत की 21 वर्षीय गर्भवती महिला सेपिदेह रायसी की हत्या कर दी गई। बताया जाता है कि सेपिदेह को भी जबरन शादी के लिए मजबूर किया गया था और उसके पति ने ही उसकी हत्या की।

इस महीने की शुरुआत में पश्चिमी ईरान के शहर सनंदाज में 19 वर्षीय गर्भवती हेलिया फत्ताही की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया, जिसे मानवाधिकार संगठनों हेंगा और हाना ने तथाकथित ऑनर किलिंग बताया है। आरोप है कि एक युवक के साथ रिश्ते के चलते दो महीने की गर्भवती हेलिया को उसके माता-पिता ने लगभग 30 दौरे रोकने वाली गोलियां जबरदस्ती खिलाईं और बुरी तरह पीटा, फिर तकिए से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। आरोपी माता-पिता वोरिया फत्ताही और लैला वेइस को अधिकारियों ने गिरफ्तार कर लिया है और दोनों ने हत्या करने की बात कबूल की है।