हंगरी के पश्चिमी शहर सोम्बाथेली में एक बिजली सबस्टेशन के पास 2023 से 2025 के बीच हुई खुदाई के दौरान चांदी के सिक्कों का एक प्राचीन खजाना मिला है। यह खजाना जमीन से करीब 40 सेंटीमीटर की गहराई में एक मटकी में दबा हुआ था। एनर्जी कंपनी ई.ओएन हंगरी ने हाल ही में इस खोज का खुलासा किया है।

मटकी में करीब 200 चांदी के सिक्के मिले हैं, जिनका वजन लगभग 2 किलोग्राम है। हंगरी के नेशनल आर्कियोलॉजिकल इंस्टीट्यूट के अनुसार, पिछले 50 वर्षों में यह सबसे बड़ा खजाना है। इससे पहले इतना बड़ा खजाना यहां 1960 में मिला था।

इन सिक्कों के निर्माण का समय ईसा पूर्व दूसरी शताब्दी के उत्तरार्ध से ईसा पूर्व पहली शताब्दी के प्रारंभ के बीच माना गया है, यानी ये करीब 2,126 से 2,176 वर्ष पुराने हैं। सिक्के प्राचीन यूनानी चांदी के सिक्कों की तरह बनाए गए थे और हंगरी के एक विशेष सेल्टिक समुदाय से संबंधित बताए जा रहे हैं। हर सिक्के के एक तरफ ग्रीक देवता अपोलो और दूसरी तरफ घुड़सवार की आकृति बनी है।

सिक्कों की कीमत करीब 2,000 डॉलर आंकी जा रही है, लेकिन एंटिक होने के कारण इनकी बाजार में कीमत इससे कहीं अधिक मानी जा रही है। यह खजाना किसने और क्यों दबाया था, इसकी जांच की जानी जरूरी बताई गई है।