मॉस्को। रूस ने हाइपरसोनिक मिसाइलें ले जाने में सक्षम नई परमाणु-संचालित पनडुब्बी 'पर्म' को अपनी नौसेना में शामिल किया है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को उत्तर-पश्चिमी रूस के सेवेरोडविंस्क स्थित सेवमाश शिपयार्ड में ध्वजारोहण समारोह में हिस्सा लेकर इसे औपचारिक रूप से नौसेना को सौंपा। मॉस्को का दावा है कि यह उसके बेड़े की पहली ऐसी पनडुब्बी है, जिसमें रूसी जिरकॉन हाइपरसोनिक मिसाइलें लगी हैं।

एएफपी के अनुसार, रूस तेजी से अपनी पनडुब्बियों की संख्या बढ़ाने पर काम कर रहा है। पुतिन ने बताया कि 2030 तक नौसेना को पांच और पनडुब्बियां मिलेंगी, जिनमें यासेन-एम क्लास की तीन पनडुब्बियां शामिल हैं। पर्म भी इसी श्रेणी की है। ये पनडुब्बियां दुनिया के किसी भी महासागर में काम कर सकती हैं और कई तरह की क्रूज मिसाइलें ले जा सकती हैं। पुतिन ने भरोसा जताया कि शक्तिशाली नौसैनिक बल बनाने की योजना तय समय पर लागू की जाएगी।

पर्म रूसी नौसेना की चौथी पीढ़ी की परमाणु-संचालित अटैक सबमरीन है और प्रोजेक्ट 885 सीरीज का छठा पोत है। इसे अपग्रेड किए गए 'प्रोजेक्ट 885M' के तहत बनाया गया है, जिसे यासेन-एम क्लास भी कहा जाता है। यह रूस की दूसरी पनडुब्बी है, जिसका नाम 'पर्म' शहर के नाम पर रखा गया है। इससे पहले 'बी-292 पर्म' नाम की एक पनडुब्बी थी, जो 'प्रोजेक्ट 671RTMK' श्रेणी का पोत थी।

पनडुब्बी को रूसी 3M22 जिरकॉन हाइपरसोनिक मिसाइल से लैस किया गया है, जिसे युद्धपोतों और जमीनी ठिकानों पर सटीक हमले के लिए डिजाइन किया गया है। इसकी मारक क्षमता 400 से 1,000 किलोमीटर तक बताई जाती है, हालांकि इस पर अलग-अलग दावे हैं। मिसाइल के वारहेड का वजन करीब 300-400 किलो है। पुतिन ने जिरकॉन की रफ्तार ध्वनि की गति नौ गुना तेज बताई है। परमाणु-संचालित पनडुब्बियां रूस की परमाणु प्रतिरोध रणनीति का अहम हिस्सा मानी जाती हैं।