विदेश मंत्री एस जयशंकर ने टोक्यो में आयोजित रायसीना टोक्यो डायलॉग्स के तीसरे संस्करण में जापानी नागरिकों को भारत से जुड़ने के पांच मूलमंत्र दिए। उन्होंने कहा कि जापानी मित्रों को भारत के साथ जुड़ते समय इन पांच बातों का ध्यान रखना चाहिए, जिससे दोनों देशों के संबंध और प्रगाढ़ होंगे।
जयशंकर ने कहा कि भारत में 2014 के बाद हो रहे बदलावों को समझना चाहिए। बुनियादी ढांचे में यह बदलाव हाईवे, पोर्ट, एयरपोर्ट, रेलवे और एनर्जी सेक्टर में दिखता है, जिससे व्यापार करना आसान हो गया है। उन्होंने जोर दिया कि भारत को लेकर पुरानी धारणाएं छोड़कर उसे नई तस्वीर के साथ देखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बेहतर बुनियादी ढांचे के कारण भारत वैश्विक बाजार के लिए उत्पादन का बड़ा केंद्र बन गया है और यहां जापानी कंपनियों को पहले से अच्छे अनुभव रहे हैं।
विदेश मंत्री ने भारत की स्टार्टअप और इनोवेशन संस्कृति की तारीफ करते हुए कहा कि पिछले एक दशक में सॉफ्ट इंफ्रास्ट्रक्चर और मानव संसाधन विकास पर काम हुआ है। शैक्षणिक संस्थानों की संख्या लगभग दोगुनी हुई है और स्किलिंग पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत-जापान एजेंडा भविष्य पर केंद्रित है और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, सेमीकंडक्टर, महत्वपूर्ण खनिजों, ICT, स्वच्छ ऊर्जा और फार्मास्यूटिकल्स में सहयोग की संभावनाएं हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में भारतीयों की दिलचस्पी पर भी जापानी कंपनियों को ध्यान देने की बात उन्होंने कही।
रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और भरोसेमंद साझेदारियों पर जोर देते हुए जयशंकर ने कहा कि ऐसी नीतियां और ढांचे तैयार करने होंगे जो दोनों देशों को करीब से काम करने में सक्षम बनाएं। उन्होंने कहा कि द्विपक्षीय एजेंडे से जुड़े सभी लोगों को शिक्षा, संस्कृति और भाषा के क्षेत्र में आपसी आदान-प्रदान बढ़ाने और एक-दूसरे के प्रति समझ बढ़ाने के लिए अधिक प्रयास करने चाहिए। टोक्यो में यह कार्यक्रम नई दिल्ली के रायसीना डॉयलॉग्स का अंतर्राष्ट्रीय विस्तार है, जिसमें दोनों देशों के संबंध मजबूत करने और हिंद प्रशांत क्षेत्र को मुक्त रखने पर वार्ता हो रही है।
