पूर्वी दिल्ली के शाहदरा स्थित ज्वाला नगर में मंगलवार सुबह रेलवे लाइन के पास करीब 40 साल पुराना दो मंजिला मकान ढह गया। अधिकारियों के अनुसार ट्रेन गुजरने से हुए कंपन से जर्जर इमारत गिरी। मलबे में एक बच्चे समेत सात लोग दब गए थे, जिन्हें पुलिस, दमकल, एनडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने करीब तीन घंटे चले बचाव अभियान के बाद बाहर निकाला। डॉ हेडगेवार अस्पताल में तीन वर्षीय देवांश उर्फ लड्डू और 35 वर्षीय पिंटू को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पांच गंभीर घायलों का इलाज चल रहा है, जिनमें देवांश की मां खुशबू, अमन उर्फ डब्बा, पिंटू का भाई विकाश उर्फ विकेश, आकाश और दिलीप उर्फ डिंपा शामिल हैं।
शाहदरा के डीसीपी आरपी मीणा ने बताया कि सुबह करीब दस बजे विवेक विहार थाना पुलिस को मकान गिरने की सूचना मिली, जिसके बाद बचाव अभियान शुरू किया गया। सूचना मिलते ही डीएम अजय कुमार और निगम के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के अनुसार ज्वाला नगर गली नंबर छह में सुरेंद्र सिंह की 700 गज जमीन पर लगभग 30 कमरे बने हैं, जिनमें 70 किरायेदार रहते हैं। इसी परिसर में करीब 25 गज क्षेत्र में बना दो मंजिला मकान पूरी तरह जमींदोज हो गया। भूतल पर किराए के दो हॉल में इटावा के रामू गजक बनाने का काम करते थे। मंगलवार को पिंटू, उनका दिव्यांग भाई विकाश और कर्मचारी अमन, दिलीप व आकाश भूतल पर गजक बना रहे थे, जबकि पहली मंजिल पर रह रहीं खुशबू अपने बेटे देवांश के साथ घर पर मौजूद थीं।
डीएम अजय कुमार ने बताया कि मकान मालिक ने लंबे समय से मरम्मत नहीं करवाई थी। पूरे परिसर को खाली कराने के निर्देश निगम को दिए गए हैं और आसपास के जर्जर मकानों की भी जांच होगी। उत्तर पूर्वी निगम जोन के चेयरमैन पंकज लूथरा ने बताया कि यह मकान रेलवे की जमीन पर बना हुआ था और जिला प्रशासन की टीम जमीन से संबंधित रिकॉर्ड खंगाल रही है। यह मकान खतरनाक भवनों की सूची में शामिल नहीं था।
विवेक विहार थाना पुलिस ने मकान मालिक सुरेंद्र सिंह के खिलाफ लापरवाही से मौत की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। वह ढहे मकान के पड़ोस वाले भवन में रहता है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हादसे पर संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को घायलों को हरसंभव मदद के निर्देश दिए हैं।
