छठ महापर्व के बाद पटना जंक्शन पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। जंक्शन से रोजाना करीब 4.5 लाख यात्री सफर कर रहे हैं, जो सामान्य दिनों की तुलना में लगभग 50 प्रतिशत अधिक है। आम दिनों में यहां प्रतिदिन करीब 3.5 लाख यात्री आते-जाते थे। बढ़ी हुई भीड़ में लगभग 90 प्रतिशत यात्री दूसरे शहरों और राज्यों की ओर जाने वाले हैं। रेलवे का अनुमान है कि अगले एक-दो दिनों में भीड़ और बढ़ सकती है।
बुधवार को पटना जंक्शन पर प्लेटफार्म से लेकर फुटओवरब्रिज तक यात्रियों की आवाजाही तेज रही। सबसे अधिक परेशानी जनरल कोच में सफर करने वालों को हो रही है। पटना जंक्शन से खुलने वाली ट्रेनों में जगह पाने के लिए यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन रही है, जबकि दूसरे स्टेशनों से आने वाली ट्रेनों के जनरल कोच पहले से भरे रहते हैं। बुधवार दोपहर कटिहार-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस (15713) अपने निर्धारित समय से 30 मिनट विलंब से प्लेटफार्म संख्या पांच पर पहुंची, जिसके बाद उतरने और चढ़ने वाले यात्रियों के बीच अफरातफरी जैसी स्थिति बनी रही। वापसी में पटना-कटिहार इंटरसिटी एक्सप्रेस (15714) 17 मिनट विलंब से दोपहर 2:27 बजे रवाना हुई।
भीड़ को संभालने के लिए रेलवे ने अतिरिक्त इंतजाम किए हैं। जंक्शन पर कुल 22 अनारक्षित टिकट काउंटर कार्यरत हैं और चार अस्थायी टिकट काउंटर भी शुरू किए गए हैं, जहां बुधवार से यूपीआई से भुगतान की सुविधा उपलब्ध है। जंक्शन के दोनों छोर पर अस्थायी होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं और फुटओवरब्रिज पर यात्रियों को रुकने नहीं दिया जा रहा है। आरपीएफ की टीम लगातार माइकिंग कर यात्रियों से फुटओवरब्रिज खाली रखने की अपील कर रही है। प्लेटफार्म टिकट की बिक्री भी 26 नवंबर तक बंद कर दी गई है, ताकि गैर-यात्री प्लेटफार्म पर न पहुंचें।
यात्रियों की सुविधा के लिए जंक्शन पर कुल 10 एस्केलेटर लगाए गए हैं, लेकिन इनमें से दो फिलहाल खराब हैं। प्लेटफार्म संख्या 10 पर उतरने वाला एस्केलेटर पिछले चार महीने से बंद है, जबकि महावीर मंदिर की ओर मुख्य प्रवेश द्वार से फुटओवरब्रिज पर चढ़ने वाला एक एस्केलेटर मंगलवार दोपहर दो बजे से खराब है। बढ़ी भीड़ के बीच एस्केलेटर बंद रहने से खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और भारी सामान लेकर चलने वाले यात्रियों को सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ रहा है।
