45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ-2026) में आगंतुकों को सुरक्षित और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सभी राज्य पवेलियनों के फूड कोर्ट और खाद्य विक्रय स्थलों पर खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों की अनुपालना सुनिश्चित की जाएगी। सभी पवेलियनों में औचक निरीक्षण होंगे और आगे प्रतिदिन जांच की जाएगी।

इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन (आईटीपीओ) के अधिकारियों ने सभी राज्यों के फूड कोर्ट नोडल अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में रसोई और खाद्य सामग्री के भंडारण की स्वच्छता, कर्मचारियों की व्यक्तिगत साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रखरखाव, कुकिंग ऑयल के उचित उपयोग एवं निस्तारण, बर्तनों और उपकरणों के सैनिटाइजेशन, कचरा प्रबंधन और कीट नियंत्रण जैसे विषयों पर दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को कहा गया कि बचा हुआ भोजन, खराब होने योग्य खाद्य सामग्री और किचन वेस्ट उसी दिन निस्तारित किया जाए और किसी भी खाद्य सामग्री या कच्चे माल का अगले दिन उपयोग न हो। खाद्य पदार्थों को उचित तापमान और स्वच्छ परिस्थितियों में सुरक्षित रखने पर भी जोर दिया गया।

राजस्थान पवेलियन प्रशासन ने निर्देशों की अनुपालना के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की है। समिति ने फूड कोर्ट, हॉर्सशू एरिया और बैक ऑफिस का विस्तृत निरीक्षण किया और स्वच्छता व्यवस्था, खाद्य सुरक्षा संबंधी प्रक्रियाओं तथा निर्धारित मानकों के अनुपालन का आकलन किया। समिति ने विक्रेताओं को निर्देश दिए कि आगंतुकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें, सभी आवश्यक व्यवस्थाएं लगातार बनाए रखें और किसी तरह की लापरवाही न बरतें।

आईटीपीओ अधिकारियों की ओर से आगे भी सभी पवेलियनों में प्रतिदिन औचक निरीक्षण किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य व्यापार मेले में खाद्य सेवाओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाए रखना है, ताकि आगंतुकों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप खाद्य सेवाएं मिल सकें।