दरभंगा से अमृतसर जा रही जननायक एक्सप्रेस में सीट को लेकर हुए विवाद में जीआरपी के दो सिपाहियों के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि बच्चे को गोद में लिए महिला को सीट देने के लिए कहने पर दूसरी महिला ने सिपाही को थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद महिला की तीन बेटियों और उनके साथ दो युवकों ने सिपाहियों को पीटना शुरू कर दिया। मारपीट में सिपाहियों की वर्दी फट गई और एक महिला भी घायल हुई, जिसके माथे पर चोट लगी। घटना 18 नवंबर की शाम करीब 6:30 बजे कांठ स्टेशन के आसपास की है।
जीआरपी मुरादाबाद थाने में तैनात कांस्टेबल अजय कुमार और ललित सागर की ड्यूटी मुरादाबाद से सहारनपुर तक जननायक एक्सप्रेस (15211) में थी। अनारक्षित कोच में सीट को लेकर दो महिलाओं के बीच कहासुनी हो गई। मूलरूप से बिहार के बेतिया की रहने वाली रूबी अपनी तीन बेटियों के साथ ट्रेन से लुधियाना जा रही थी। इसी कोच में एक महिला छोटे बच्चे को गोद में लेकर खड़ी थी। उसने सीट पर लेटी रूबी से बैठने के लिए जगह मांगी, इस पर दोनों में गाली-गलौज हो गई। सिपाही अजय कुमार और ललित सागर ने सीट पर लेटी महिला से जगह देने के लिए कहा, जिसके बाद विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया।
ट्रेन के नजीबाबाद पहुंचने पर पुलिस ने दोनों युवकों को उतार लिया। उनकी पहचान बिहार के दरभंगा जिले के बहेड़ा थाना क्षेत्र के साहू गांव निवासी चंदन ठाकुर और समस्तीपुर जिले के अंगारघाट थाना क्षेत्र के पिक्कू कुमार के रूप में हुई। दोनों अमृतसर की ओर जा रहे थे। ललित सागर की तहरीर पर नजीबाबाद जीआरपी थाने में दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया और उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। घटना के वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं।
एसपी रेल आशुतोष शुक्ल के अनुसार, बच्चे को गोद में लेकर खड़ी महिला को सीट पर लेटी दूसरी महिला बैठने नहीं दे रही थी, इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। ट्रेन में एस्कॉर्ट कर रहे सिपाहियों ने सीट देने के लिए कहा तो महिला ने एक सिपाही को थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद मारपीट हुई। मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है और घटना की सभी पहलुओं से विवेचना कराई जा रही है।
