झारखंड में अगले पांच दिनों तक मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, इस दौरान सुबह के समय कई इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छा सकता है, जबकि दिन में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने और धूप निकलने का अनुमान है।
मौसम केंद्र के मुताबिक, अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। 28 नवंबर से 1 दिसंबर तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में सुबह कोहरे की स्थिति बन सकती है, वहीं 2 और 3 दिसंबर को भी सुबह के समय कोहरा या कुहासा छाने की संभावना जताई गई है। 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक के विस्तारित पूर्वानुमान में राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना बताई गई है और इस दौरान अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य या सामान्य से कम रह सकता है। बारिश को लेकर फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा। इस दौरान लातेहार में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि जगन्नाथपुर-एडब्ल्यूएस में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री और न्यूनतम 15 से 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। डालटनगंज में अधिकतम 26 से 27 डिग्री और न्यूनतम 12 से 18 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 25 से 27 डिग्री और न्यूनतम 12 से 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। चाईबासा में अधिकतम तापमान 28 से 31 डिग्री और न्यूनतम 12 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, रांची में 28 नवंबर को अधिकतम 23 और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस, 29 नवंबर को अधिकतम 24 और न्यूनतम 12 डिग्री तथा 30 नवंबर को अधिकतम 24 और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बालूमाथ में 26 से 28 नवंबर तक न्यूनतम तापमान करीब 8 डिग्री और 29 व 30 नवंबर को 9 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
