कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को देशभर के धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। उत्तर प्रदेश के हापुड़ स्थित ब्रजघाट पर बड़ी संख्या में भक्तों ने गंगा में पवित्र स्नान किया। वहीं, ओडिशा के पुरी में हजारों श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ के दिव्य स्वर्ण वेश के दर्शन के लिए मंदिर के सामने जुटे।

अयोध्या में भी इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सुबह से ही सरयू घाटों पर भीड़ जुटने लगी थी, जहां सैकड़ों भक्तों ने पवित्र सरयू नदी में स्नान कर पूजा-अर्चना की। उत्तराखंड के हरिद्वार में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। सुबह से ही हरकी पैड़ी पर भक्तों का हुजूम देखने को मिला, जिन्होंने गंगा नदी में पवित्र डुबकी लगाई और पूजा-अर्चना की।

हरियाणा के यमुनानगर स्थित कपिल मोचन सरोवर में कार्तिक पूर्णिमा और गुरु नानक देव जयंती के अवसर पर श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया। पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश से बड़ी संख्या में लोग कपिल मोचन मेले में पहुंचे। ओडिशा के पुरी में श्री जगन्नाथ मंदिर के सामने हजारों श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ के स्वर्ण वेश के दर्शन के लिए एकत्र हुए। इस विशेष धार्मिक आयोजन में देश के अलग-अलग हिस्सों से भक्त पहुंचे।

वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर में भी कार्तिक महीने के अवसर पर विशेष आयोजन किया गया। मंदिर प्रशासन के मुताबिक, 26 अक्तूबर से कार्तिक पूर्णिमा तक हर दिन सप्तऋषि आरती के दौरान बाबा श्री काशी विश्वनाथ का विशेष दीपमाला श्रृंगार किया गया और श्रद्धालुओं को दीपों से जगमगाते बाबा विश्वनाथ के दिव्य स्वरूप के दर्शन कराए गए। हिंदू पंचांग के कार्तिक महीने की पूर्णिमा तिथि को मनाई जाने वाली कार्तिक पूर्णिमा को हिंदू धर्म के सबसे पवित्र दिनों में से एक माना जाता है। यह दिन भगवान शिव और माता पार्वती के पुत्र भगवान कार्तिकेय से भी जुड़ा है। इस अवसर पर देशभर में श्रद्धालु पूजा-पाठ करते हैं, मंदिरों को सजाते हैं और दीप जलाते हैं। कई जगह धार्मिक मेले भी आयोजित किए जाते हैं और नदियों व सरोवरों में दीपों से सजी छोटी नौकाएं प्रवाहित करने की परंपरा भी देखने को मिलती है।