पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची से हटाए गए नाम दोबारा जोड़ने की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने अहम निर्देश दिए हैं। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने कहा कि नाम बहाल करने के लिए दायर 38 लाख अपीलों में से 22 लाख मामलों की प्राथमिकता के आधार पर सुनवाई हो। इनमें भी कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के वार्डों से जुड़े मामलों को पहले सुना जाए, क्योंकि नगर निकाय चुनाव निकट हैं।
कोर्ट ने कोलकाता हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से चुनाव आयोग के साथ विचार-विमर्श कर ट्रिब्यूनल की संख्या बढ़ाने को कहा है। फिलहाल ऐसे 19 ट्रिब्यूनल काम कर रहे हैं और लंबित अपीलों को देखते हुए इन्हें बढ़ाना जरूरी बताया गया। चुनाव आयोग से अलग-अलग स्थानों पर ट्रिब्यूनल के लिए अतिरिक्त जगह की व्यवस्था करने को भी कहा गया, ताकि अपील करने वालों को आने में परेशानी न हो।
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान करीब 90 लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए थे। इन्हें अनुपस्थित, स्थानांतरित, डुप्लीकेट या मृत घोषित किया गया था, जबकि कुछ नाम मैपिंग से जुड़ी 'लॉजिकल विसंगति' के आधार पर चिह्नित हुए थे। सुनवाई में वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण ने बताया कि ट्रिब्यूनल अब तक करीब 1.4 लाख मामलों का निपटारा कर चुके हैं और इनमें 90 फीसदी से अधिक अपीलें स्वीकार कर नाम बहाल किए गए।
भूषण ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से नाम हटने का असर नागरिकता समेत किसी अन्य अधिकार पर नहीं पड़ता, फिर भी राज्य सरकार कथित तौर पर ऐसे लोगों को पीडीएस के तहत राशन और अन्नपूर्णा योजना समेत विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं दे रही। सॉलिसीटर जनरल तुषार मेहता ने इन आरोपों को निराधार बताया और कहा कि दावे के समर्थन में एक भी उदाहरण पेश नहीं किया गया। पीठ ने राज्य सरकार से इन आरोपों पर जवाब दाखिल करने को कहा है। इससे जुड़े एक अन्य मामले में कोलकाता नगर निगम चुनाव पर सुनवाई बुधवार तक के लिए टाल दी गई, जिसमें वार्डों की संख्या 144 से बढ़ाकर 209 किए जाने को लेकर विवाद है।
