पहलगाम आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के रिश्तों में तल्खी के बावजूद पाकिस्तान अगले साल शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के तहत होने वाली संस्कृति मंत्रियों की बैठक में भारत को आमंत्रित करने की तैयारी कर रहा है। यह बैठक अगले साल की शुरुआत में पाकिस्तान की अध्यक्षता में आयोजित होगी। भारत इस न्योते पर क्या रुख अपनाएगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
गौरतलब है कि भारत ने हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित SCO की पहली सभ्यतागत संवाद बैठक में पाकिस्तान को न्योता दिया था, जिसमें पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक भी शामिल हुए थे। अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद से किसी भी भारतीय मंत्री ने पाकिस्तान का दौरा नहीं किया है। इस दौरान विदेश मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव आलोक डिमरी सितंबर में SCO के राष्ट्रीय समन्वयकों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान गए थे।
संस्कृति मंत्रियों की बैठक को भारत के लिए अपेक्षाकृत कम संवेदनशील माना जा रहा है, क्योंकि इसमें राजनीतिक स्तर पर प्रतिबद्धताएं सीमित रहेंगी। इसके बाद पाकिस्तान SCO के विदेश और रक्षा मंत्रियों की उच्चस्तरीय बैठकों की मेजबानी भी करेगा, और अगस्त में इस्लामाबाद में राष्ट्राध्यक्षों का शिखर सम्मेलन आयोजित होना है। भारतीय अधिकारियों के मुताबिक, मौजूदा परिस्थितियों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इस्लामाबाद जाना बेहद मुश्किल नजर आता है। विकल्प के तौर पर विदेश मंत्री एस जयशंकर भारत का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं, जैसा कि 2024 में कजाकिस्तान में आयोजित SCO शिखर सम्मेलन में हुआ था।
नई दिल्ली में सभ्यतागत संवाद बैठक में पाकिस्तानी मंत्री की मेजबानी पर विपक्ष ने सवाल उठाए थे, जिसके बाद भारत ने स्पष्ट किया था कि सिंधु जल संधि पर उसके रुख में कोई बदलाव नहीं हुआ है। भारत लगातार कहता रहा है कि SCO जैसे बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग को भारत-पाकिस्तान के द्विपक्षीय रिश्तों में सुधार के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। भारत के लिए पाकिस्तान के साथ संबंधों में नरमी की गुंजाइश तभी बन सकती है, जब सीमा पार आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान के रुख में बुनियादी बदलाव दिखाई दे।
