मुंबई में 26/11 आतंकी हमले के आरोपी अजमल कसाब की ओर से बॉम्बे हाईकोर्ट में पैरवी करने वाले दो वकीलों को 18 साल बाद भी फीस नहीं मिली है। वकील अमीन सोलकर और फरहाना शाह ने 2010 में करीब नौ महीने तक कसाब का बचाव किया था। महाराष्ट्र सरकार ने दोनों को पैरवी के लिए नियुक्त किया था। हाईकोर्ट में सुनवाई खत्म हुए 15 साल से ज्यादा समय बीत चुका है।

अमीन और फरहाना को हाईकोर्ट ने नामित किया था। इसके बाद महाराष्ट्र स्टेट लीगल सर्विसेज अथॉरिटी (MSLSA) ने 8 जून 2010 को अधिसूचना जारी कर उनकी नियुक्ति की। यह अधिसूचना तत्कालीन सचिव एके सोनावणे ने जारी की थी। इसमें सोलकर की फीस स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर के बराबर तय की गई थी, जबकि शाह को मौत की सजा की पुष्टि वाले केस में अतिरिक्त पब्लिक प्रॉसिक्यूटर के बराबर फीस मिलनी थी। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, यह रकम 1,500 से 2,000 रुपए प्रतिदिन के बीच थी।

सोलकर ने कहा कि उन्हें अब तक पैरवी की फीस नहीं मिली है। उन्होंने MSLSA को कई बार पत्र लिखकर भुगतान की मांग की, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। दोनों वकीलों का कहना है कि फीस का मामला उठाने पर अथॉरिटी उनसे विस्तृत बिल और मेमो मांगती है, जिसमें अदालत में पेश होने की हर तारीख और बिताए गए घंटों का हिसाब देना होता है। वकीलों ने इतने साल बाद इस मांग को अनुचित बताया है और कहा है कि एक दशक से ज्यादा समय बाद इतना बारीक रिकॉर्ड जुटाना संभव नहीं है।

26 नवंबर 2008 के मुंबई आतंकी हमले में छह अमेरिकी नागरिकों समेत कुल 166 लोग मारे गए थे। हथियारों से लैस 10 पाकिस्तानी आतंकियों ने शहर के प्रमुख ठिकानों पर 60 घंटे से ज्यादा समय तक कब्जा जमाए रखा था। बाद में कमांडो कार्रवाई में 9 आतंकियों को मार दिया गया, जबकि कसाब को जिंदा पकड़ लिया गया। कसाब को 21 नवंबर 2012 को पुणे की यरवडा सेंट्रल जेल में फांसी दी गई थी।