केलॉग्स, जिसकी शुरुआत 19वीं सदी के अंत में डॉ. जॉन हार्वे केलॉग और उनके भाई विल कीथ केलॉग ने की थी, आज 180 से ज्यादा देशों में मौजूद है। 1894 में मिशिगन के बैटल क्रीक में डॉ. जॉन हार्वे केलॉग ने कॉर्नफ्लेक्स को पाचक और सेहतमंद आहार के रूप में तैयार किया, जबकि 1906 में विल कीथ केलॉग ने इसे व्यावसायिक रूप दिया। अमेरिका में औद्योगिक क्रांति के दौर में यह झटपट तैयार होने वाला नाश्ता तुरंत लोकप्रिय हो गया।
1994 में कंपनी ने मुंबई में प्लांट लगाकर भारत में कदम रखा, लेकिन शुरुआती अनुभव कठिन रहा। कंपनी को उम्मीद थी कि 95 करोड़ की आबादी वाले भारत का सिर्फ 2 फीसदी बाजार भी उसके पूरे अमेरिकी कारोबार से बड़ा होगा, लेकिन एक साल बाद वह 0.01 फीसदी हिस्सा भी नहीं जुटा पाई। कारण यह था कि गर्म और मसालेदार नाश्ता पसंद करने वाले भारतीयों को ठंडे दूध में भीगे कॉर्नफ्लेक्स पसंद नहीं आए।
शुरुआती विफलता से सबक लेकर कंपनी ने अपनी ग्लोबल पॉलिसी में बदलाव किया और भारतीय उपभोक्ताओं की नब्ज पकड़नी शुरू की। महंगे बड़े डिब्बों के बजाय किफायती छोटे पैकेट उतारे गए, जिन्हें युवा बिना दूध के स्नैक की तरह भी खाने लगे। लोकल मैन्युफैक्चरिंग पर जोर दिया गया; उदाहरण के तौर पर भारत में 'फ्रूट लूप्स' की मैन्युफैक्चरिंग शुरू होने के बाद इसके डिब्बे की कीमत 850 रुपये से घटकर 175 रुपये रह गई। कंपनी ने कॉर्नफ्लेक्स के अलावा ओट्स, म्यूसली और रेडी-टू-ईट 'उपमा' जैसे देसी विकल्प भी बाजार में उतारे।
भारतीय परिवारों से जुड़ने के लिए कंपनी ने बॉलीवुड सितारों पर दांव लगाया। करिश्मा कपूर और जूही चावला ने 'चॉकोस' को बच्चों के बीच लोकप्रिय बनाया, जबकि दीपिका पादुकोण ने 'स्पेशल के', रणवीर सिंह ने 'ओट्स', साक्षी तंवर ने 'ब्रेकफास्ट प्लेज' और काजोल ने 'मल्टीग्रेन चॉकोस' और 'म्यूसली' के कैंपेन के जरिए माताओं का भरोसा जीता। केलॉग्स साउथ एशिया के मार्केटिंग डायरेक्टर सुमित माथुर के मुताबिक, ब्रेकफास्ट सीरियल्स कैटेगरी में केलॉग्स इंडिया की पहुंच में सालाना आधार पर 30 फीसदी की ग्रोथ दर्ज की गई, खासकर महामारी के बाद जब घरों में नाश्ते की खपत बढ़ी।