खरगोन के विधायक और पूर्व कृषि राज्यमंत्री बालकृष्ण पाटीदार शुक्रवार को बिलाली गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में कार छोड़कर बैलगाड़ी से पहुंचे। 74 वर्षीय पाटीदार ने खुद बैलों की कमान संभाली और बैलगाड़ी हांकते हुए गांव में प्रवेश किया। ग्रामीणों ने ढोल-ताशों की गूंज और पुष्पवर्षा के साथ उनका स्वागत किया।

मौका बिलाली गांव में यादव धर्मशाला के लोकार्पण और राम मंदिर परिसर में टीनशेड निर्माण के भूमिपूजन कार्यक्रम का था। विधायक ने यादव धर्मशाला का लोकार्पण किया और राम मंदिर में टीनशेड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि धर्मशालाएं केवल भवन नहीं, बल्कि समाज की प्रगति, आपसी सहयोग और सामुदायिक एकजुटता का प्रतीक होती हैं। इनके माध्यम से सामाजिक गतिविधियों, पारिवारिक आयोजनों और सामूहिक कार्यक्रमों के लिए एक साझा स्थान उपलब्ध होता है।

पाटीदार की पहचान क्षेत्र में धर्मशालाओं के निर्माण को लेकर भी रही है। विधायक के रूप में अपने तीन कार्यकाल के दौरान वे विभिन्न समाजों की 350 से अधिक धर्मशालाओं का निर्माण विधायक निधि से करा चुके हैं। इसी वजह से क्षेत्र में उन्हें 'धर्मशाला वाले बाबा' के नाम से भी जाना जाता है।

किसान परिवार से जुड़े पाटीदार को पारंपरिक सवारी का शौक है और वे अक्सर घोड़े पर सवार होकर ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में पहुंचते हैं। गांवों में उनकी घुड़सवारी पहले भी चर्चा का विषय बनती रही है। इस बार उन्होंने कार और घोड़े के बजाय बैलगाड़ी को चुना और खुद बैलों को हांकते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे। उनकी इस सवारी ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा।