झारखंड सरकार प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल और शिक्षा को मजबूत करने के लिए कोडरमा और खूंटी जिलों में 20 आंगनबाड़ी केंद्रों को आधुनिक खेल विद्यालय के रूप में विकसित करेगी। यह पायलट परियोजना है, जिसके तहत बच्चों को खेल-आधारित शिक्षण और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास विभाग की निदेशक किरण पासी ने योजना की तैयारियों को लेकर ऑनलाइन समीक्षा बैठक की। इसमें कोडरमा के उप विकास आयुक्त रवि जैन, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कनक तिर्की, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी रेखा रानी और अन्य प्रखंडों की सीडीपीओ शामिल हुईं। निदेशक ने कोडरमा जिले के लिए चयनित 20 केंद्रों की सूची 30 नवंबर तक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

योजना के तहत कोडरमा प्रखंड में सात, जयनगर में छह, डोमचांच में तीन तथा मरकच्चो और सतगावां में दो-दो केंद्र चुने जाएंगे। इन केंद्रों में शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति होगी और फरवरी से संचालन का लक्ष्य रखा गया है। चयनित केंद्रों की दीवारों पर वर्णमाला, गिनती, फल-फूल और पशु-पक्षियों से जुड़े शैक्षणिक चित्र बनाए जाएंगे। बच्चों के लिए झूले, खिलौने, रंग-बिरंगे मेज-कुर्सी और अन्य खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। स्वच्छ पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं भी सुनिश्चित की जाएंगी।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे खेल आधारित गतिविधियों से बच्चों को पढ़ा सकें और उनके सर्वांगीण विकास में सहयोग कर सकें। योजना का उद्देश्य बच्चों को विद्यालय जाने से पहले खेल-खेल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर उनका शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास करना है।