नई दिल्ली: भारत और न्यूजीलैंड के बीच क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल मैदान पर खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन मेजबान कप्तान टॉम लैथम ने बल्ले से बड़ा रिकॉर्ड बना दिया। पहले टेस्ट की दोनों पारियों में नाकाम रहे लैथम ने क्राइस्टचर्च की पहली पारी में अर्धशतक जड़ते हुए केन विलियमसन और ब्रैंडन मैकुलम के रिकॉर्ड तोड़ दिए।

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में लैथम न्यूजीलैंड की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में पूर्व कप्तान केन विलियमसन को पीछे छोड़ा, जिन्होंने WTC के 32 मैचों की 58 पारियों में 58.17 की औसत से 3,025 रन (11 शतक, 7 अर्धशतक) बनाए थे। लैथम ने अब तक 86 पारियों में 36.16 की औसत से 3,038 रन पूरे कर शीर्ष स्थान हासिल किया है।

क्राइस्टचर्च टेस्ट की पहली पारी में लैथम सधी हुई लय में दिखे। 29 रन के निजी स्कोर पर केएल राहुल ने उनका कैच टपका दिया, और लैथम ने इस जीवनदान का फायदा उठाया। उन्होंने 128 गेंदों पर 6 चौकों की मदद से 59 रन की पारी खेली। यह उनके टेस्ट करियर का 32वां और भारत के खिलाफ 9वां अर्धशतक रहा। सलामी जोड़ीदार डेवोन कॉनवे के साथ पहले विकेट के लिए 77 रन की साझेदारी कर उन्होंने कीवी टीम को ठोस शुरुआत दिलाई। आखिर में आकाश दीप ने उन्हें आउट किया।

इस पारी के दौरान लैथम ने एक और उपलब्धि हासिल की। टेस्ट क्रिकेट में 38.74 की औसत से 6,509 रन बनाकर वे न्यूजीलैंड के लिए सर्वाधिक टेस्ट रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में चौथे स्थान पर पहुंच गए और ब्रैंडन मैकुलम (6,453 रन) को पीछे छोड़ा। न्यूजीलैंड के लिए सर्वकालिक सर्वाधिक टेस्ट रन का रिकॉर्ड केन विलियमसन (9,515 रन) के नाम है।