लता मंगेशकर का 53 साल पुराना रोमांटिक गीत 'मैं तेरे इश्क में' एक बार फिर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फरवरी 2026 में इसका रीमिक्स वर्जन 'मैं तेरे इश्क में 2.0' रिलीज हुआ, जिसमें ईशा मालवीय नजर आईं। इस रीमिक्स में दानिश अल्फाज और रैपर बोहेमिया ने रैप किया है। ईशा मालवीय के लिए इस रोमांटिक ट्रैक को देसी हिप-हॉप और रैप के तड़के के साथ पेश किया गया है।

यह गीत मूल रूप से 1973 की फिल्म 'लोफर' का सदाबहार रोमांटिक हिट गाना है। इसके बोल आनंद बख्शी ने लिखे थे और संगीत लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने दिया था। फिल्म में यह गाना एक खूबसूरत बगीचे में मुमताज और धर्मेंद्र पर फिल्माया गया है, जहां मुमताज अपने रूठे हुए प्रेमी को मनाने की कोशिश कर रही हैं।

'लोफर' का संगीत अपने समय के बेहद सफल संगीत में से एक था। इस एल्बम में लता जी के इस गीत के अलावा मोहम्मद रफी का 'आज मौसम बड़ा बेईमान है' और आशा भोसले का 'कोई शहरी बाबू' भी शामिल थे, जिन्होंने फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर बड़ी कामयाबी दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

बॉलीवुड में स्वर कोकिला कही जाने वालीं लता मंगेशकर ने अपने फिल्मी करियर में अलग-अलग भाषाओं में 30 हजार से अधिक गाने गाए। रिलीज के पांच दशक से भी ज्यादा समय बीत जाने के बाद यह गाना आज भी सोशल मीडिया, रील्स और पुराने संगीत के शौकीनों के बीच उसी ताजगी के साथ बना हुआ है।