वडोदरा के वाघोडिया स्थित पारूल यूनिवर्सिटी में 25 नवंबर को आयोजित 'द लवारी शो' में कथित रूप से अश्लील और अभद्र टिप्पणियों का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर शो से जुड़े वीडियो सामने आने के बाद इस पर बवाल मच गया है और कार्रवाई की मांग उठ रही है। आरोप है कि शो में दिल्ली के कॉमेडियन भुवन बाम पर अश्लील टिप्पणियां की गईं और वीडियो में महिला कलाकार के सामने अभद्र इशारा भी किया गया।
जानकारी के अनुसार यह शो कॉमेडी फैक्ट्री से जुड़े कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किया गया था। 'द लवारी शो' एक लोकप्रिय गुजराती लाइव टॉक शो है, जिसे मनन देसाई, चिरायु मिस्त्री, दीप वैद्य और ओम भट्ट मिलकर चलाते हैं। सोशल मीडिया पर साझा की गई पोस्ट में इन सभी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। सवाल यह भी उठ रहा है कि यूनिवर्सिटी ने इस कार्यक्रम की अनुमति कैसे दी, जहां देशभर के बच्चे पढ़ते हैं।
सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद वडोदरा ग्रामीण पुलिस ने मामले पर संज्ञान लिया है। वडोदरा रूरल एसपी सुशील अग्रवाल ने 'नवभारत टाइम्स ऑनलाइन' को बताया कि कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि इस मामले में किस-किस के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि 'द लवारी शो' पारंपरिक इंटरव्यू नहीं, बल्कि लाइव दर्शकों के सामने होने वाला एक अनफिल्टर्ड शो है, जिसमें स्टैंड-अप कॉमेडी, इम्प्रोवाइजेशन और मेहमानों के साथ मजेदार किस्से साझा किए जाते हैं। इस शो में गुजराती सिनेमा के सितारों के साथ-साथ बॉलीवुड और डिजिटल जगत के कई बड़े चेहरे जैसे भुवन बाम, जाकिर खान, जॉनी लीवर, सुमीत राघवन और सलीम मर्चेंट शामिल हो चुके हैं।
