मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने पाकिस्तान की यात्रा की है, जिसके बाद दोनों देशों के बीच मई 2027 से सीधी यात्री उड़ानें शुरू करने पर बातचीत तेज हो गई है। इस दौरे में कुल 20 समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर हुए हैं। पाकिस्तानी विशेषज्ञों का दावा है कि इस यात्रा से मालदीव में पाकिस्तान की भूमिका बढ़ने जा रही है।

पाकिस्तान और मालदीव के बीच सहयोग के जिन क्षेत्रों पर सहमति बनी है, उनमें रक्षा, समुद्री सहयोग, सूचना प्रौद्योगिकी, साइबर सुरक्षा और एआई शामिल हैं। विश्लेषकों का मानना है कि इन समझौतों से मालदीव में भारत के प्रभाव के लिए चुनौती बढ़ सकती है। बताया जाता है कि पाकिस्तान मालदीव के कट्टरपंथियों को पहले भी प्रशिक्षण देता रहा है।

मालदीव की भौगोलिक स्थिति इसे और महत्वपूर्ण बनाती है। यहां कुल 1190 द्वीप हैं, जिनमें से केवल 200 पर लोग रहते हैं। यह 8 डिग्री चैनल के काफी करीब है, जो पूर्वी और दक्षिण पूर्वी एशिया को अफ्रीका, यूरोप और मध्य पूर्व से जोड़ता है। मालदीव अमेरिकी नेवल बेस डियागो गार्सिया से 640 किमी दूर है।

भारतीय विशेषज्ञ मनोज जोशी के मुताबिक चीन मालदीव के अद्दू शहर के बंदरगाह का विकास और गादू द्वीप पर हाउसिंग सोसायटी बना रहा है। रिटायर वाइस एडमिरल शेखर सिन्हा का कहना है कि चीन इस पोर्ट को अपनी सबमरीन के लिए ठिकाना बना सकता है। इधर मुइज्जू ने हेलिकॉप्टर सेवा के लिए तैनात भारतीय सैन्यकर्मियों को हटा दिया है।