तेल अवीव: इजरायल में नेतन्याहू विरोधी गठबंधन के नेता गादी आइजेनकोट नई सरकार बनाने के करीब पहुंच गए हैं। गुरुवार को आइजेनकोट की यशार पार्टी ने यायर गोलान की डेमोक्रेट्स पार्टी के साथ गठबंधन समझौते का ऐलान किया। समझौते के तहत डेमोक्रेट्स को चार मंत्रालय मिलेंगे। इससे दो दिन पहले गोलान ने आइजेनकोट के साथ बातचीत रोक दी थी, क्योंकि यशार पार्टी नेतन्याहू की लिकुड पार्टी के साथ यूनिटी सरकार बनाने पर बातचीत कर रही थी।
यशार पार्टी का एविग्डोर लिबरमैन की यिसरायल बेतेनु के साथ पहले ही समझौता हो चुका है, जबकि पूर्व प्रधानमंत्री नेफ्टाली बेनेट की बी-याचाद के साथ भी बातचीत चल रही है। यशार और अति-रूढ़िवादी यूनाइटेड तोराह जुडाइज्स (UTJ) के भी साथ आने की उम्मीद है। गुरुवार को ही यहूदी रब्बियों ने UTJ को आइजेनकोट के साथ औपचारिक बातचीत आगे बढ़ाने की अनुमति दे दी। UTJ चुनाव से पहले नेतन्याहू के गठबंधन का हिस्सा थी, लेकिन बाद में इसने समर्थन देने से इनकार कर दिया था।
चार दलीय गठबंधन के अलावा यह भी उम्मीद जताई जा रही है कि आइजेनकोट अरब पार्टी राम (Ra'am) को भी साथ जोड़ लेंगे, जिससे उन्हें बहुमत के लिए पर्याप्त सीटें मिल जाएंगी। राम के पास इजरायल की संसद में सात सीटें हैं। हालांकि, आइजेनकोट के लिए सत्ता की राह अभी पक्की नहीं है। बताया जा रहा है कि हरेदी समुदाय की अनिवार्य सैन्य भर्ती से जुड़े कानून पर असहमति के चलते बेनेट ने गठबंधन पर होने वाली बातचीत रविवार तक टाल दी है।
बेनेट आइजेनकोट पर नेतन्याहू के साथ मिलकर यूनिटी सरकार बनाने का दबाव डाल रहे हैं। उनका मानना है कि इससे कट्टर यहूदी पार्टियों को सत्ता से बाहर रखा जा सकेगा और हरेदी समुदाय को अनिवार्य सैन्य सेवा में दशकों से मिल रही छूट खत्म की जा सकेगी। इस बीच रिपोर्टों में यह भी कहा गया है कि आइजेनकोट ने UTJ को हरेदी पुरुषों की भर्ती पर रियायत का प्रस्ताव दिया है, जिसके तहत यहूदी धार्मिक ग्रंथों के अध्ययन में सक्रिय हरेदी पुरुषों को सेना में अनिवार्य भर्ती से छूट मिलेगी और बदले में UTJ आइजेनकोट की सरकार को समर्थन देगी। आइजेनकोट को सप्ताह के आखिर तक सरकार बनाने में सफलता मिलने की उम्मीद है।
