लडभड़ोल (मंडी) में स्थानीय बाजार से करीब 500 मीटर दूर एक कार के गहरी खाई में गिरने से छह युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान यशराय, अनुज, आयुष, पंकज, आदित्य और अर्णव के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में चीख-पुकार मच गई और शव गहरी खाई से निकाले जाने पर स्वजन उनसे लिपटकर रोने लगे। किसी ने खाई में कूदने की कोशिश की तो कोई बेहोश हो गया।
मृतक युवकों में यशराय तीन और अनुज दो बहनों का इकलौता भाई था। यश नौवीं कक्षा में पढ़ रहा था, जबकि अर्णव और पंकज जमा एक के छात्र थे। आयुष अपने पिता की सब्जी की दुकान में हाथ बंटाता था और उसके पिता सिमसा मंदिर के प्रधान रहे हैं। आदित्य जमा दो की पढ़ाई पूरी कर आर्मी भर्ती की तैयारी कर रहा था। सभी दोस्त आदित्य की बहन के घर गए थे, लेकिन वापस नहीं लौटे।
जिस कार से हादसा हुआ, वह यश के पिता की थी और उन्होंने करीब तीन महीने पहले ही उसे खरीदा था। स्वजन को काफी देर बाद पता चला कि मंगलवार रात कार खाई में गिरी थी, जब सीसीटीवी कैमरे में रात करीब 11 बजे कार देखी गई। बताया जाता है कि युवक करीब 15 घंटे तक घटनास्थल पर पड़े रहे, लेकिन किसी को इसका पता नहीं चला।
व्यापार मंडल के प्रधान सुरेंद्र सोनी ने बताया कि इस दुखद हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। मृतकों में बाजार के दो व्यापारियों के बच्चे भी शामिल हैं। व्यापार मंडल इस दुख में सभी के साथ खड़ा है। शोक के चलते लडभड़ोल बाजार आज दोपहर दो बजे के बाद बंद रहेगा।
