जम्मू-कश्मीर में वांटेड संदिग्ध आतंकी उजैद को मेरठ से गिरफ्तार किया गया है। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने प्रेसवार्ता में बताया कि उजैद निवासी बनियापाड़ा कोतवाली मेरठ पिछले 10 महीने से फरार था और नवंबर 2025 में जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा आतंकी मॉड्यूल का खुलासा किए जाने के मामले में वांटेड था, जिसमें साजिद नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया गया था।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि पाकिस्तानी हैंडलर के कहने पर उजैद और उसके साथी किशोरों को फिदायीन आतंकी बनाने का मॉड्यूल चला रहे थे। संदिग्ध जम्मू-कश्मीर में आर्मी कैंप और आर्मी काफिले पर उरी और पुलवामा जैसे हमले की योजना बना रहे थे। उजैद फिदायीन हमलों में इस्तेमाल होने वाली एक्सप्लोसिव जैकेट लेने के लिए गुरैज वैली होकर पाकिस्तान में ट्रेनिंग के लिए जाने वाला था।
एसएसपी के अनुसार, उजैद और साजिद समेत कुछ युवक सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर और आईएसआई एजेंट के संपर्क में आए थे। इन लोगों को किशोरों को आत्मघाती आतंकी बनाने वाले आतंकी मॉड्यूल में शामिल करने का टास्क दिया गया था। उजैद पाकिस्तानी आतंकी मौलाना मसूद अजहर, तारिक मसूद और डॉ इशरार का वीडियो देखता था और इन्हीं वीडियो पर कमेंट करने के दौरान पाकिस्तानी हैंडलर की नजर में आया था।
इंस्टाग्राम, सोशन ऐप और सिग्नल ऐप पर ट्यूशन-40 और ब्रिगेड नाम से ग्रुप बनाकर उजैद और बाकी को जोड़ा गया था, जिनमें पीओके से आतंकी अमीर हमजा, पाकिस्तान के पंजाब से अबू मुसाब और पीओके से फुरकान व कामरान समेत कई आईएसआई एजेंट जुड़े थे। सेशन ऐप पर ब्रिगेड नाम के ग्रुप में हमले की प्लानिंग की गई थी, जिसमें साजिद ने कहा था कि बम वाली जैकेट पहनकर आर्मी का चेकपोस्ट उड़ा दूंगा। जैकेट कहां है, इस सवाल पर पाकिस्तान से जुड़े हैंडलर ने लिखा था कि बना लेंगे घर में ही।
इस बीच, पाकिस्तान में बैठे आतंकी संगठन और सरगना भारत में हमले के लिए महिलाओं को मोहरा बना रहे हैं। जैश-ए-मोहम्मद ने इसके लिए अपना महिला विंग 'जमात-उल-मोमिनात' बनाया है, जो भारत में महिलाओं को आतंकी वारदात के लिए भर्ती करने में लगा है। शहजाद भट्टी नेटवर्क भी सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं को जोड़ रहा है।
