पटना के डोमनाचक में मंगलवार देर रात एक शादी समारोह में जयमाला की रस्म से ठीक पहले डीजे पर नाचने को लेकर बाराती और सराती पक्ष के बीच विवाद हो गया। यह विवाद मारपीट और गोलीबारी तक पहुंच गया, जिसमें गोली लगने से दूल्हे का भाई घायल हो गया। घायल युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।

जानकारी के अनुसार, नौबतपुर निवासी नेहा कुमारी की शादी 25 नवंबर की रात डोमनाचक में होनी थी। नेहा अपने परिवार के साथ डोमनाचक में किराये के मकान में रहती हैं। देर रात बारात दरवाजे पर पहुंची और दरवाजा लगाने की रस्म चल रही थी, जबकि जयमाला की तैयारी हो रही थी। इसी दौरान डीजे पर बाराती नाच रहे थे और डांस को लेकर दोनों पक्षों के युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद और मारपीट में बदल गई।

आरोप है कि इसी दौरान सराती पक्ष के डोमनाचक निवासी प्रदीप चन्द्रवंशी, पिता पप्पू कुमार ने गोली चला दी, जो दूल्हे के भाई को लग गई। फायरिंग की आवाज सुनते ही समारोह में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। स्वजन ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बना रहा, हालांकि किसी तरह शादी की रस्में पूरी कराई गईं।

गोपालपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार ने गोली लगने की घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। घटना में आरोपित की भूमिका और गोलीबारी के कारणों की पड़ताल की जा रही है।