बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने 16 दिसंबर को स्वदेश लौटने की योजना का ऐलान किया है। उनके इस ऐलान पर बांग्लादेश में हंगामा मचा हुआ है। एक तरफ तारिक रहमान सरकार भारत से उनके प्रत्यर्पण की लगातार मांग कर रही है और कई पार्टियां हसीना तथा उनकी पार्टी अवामी लीग का विरोध कर रही हैं, वहीं दूसरी तरफ प्रतिबंधित अवामी लीग के लोग सड़कों पर उतरकर उत्पात मचा रहे हैं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बुधवार को स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि हसीना का अपनी मर्जी से अपने देश लौटने का प्लान ढाका की प्रत्यर्पण की मांग से अलग मामला है। उन्होंने कहा कि यह निर्वासित नेता और बांग्लादेश सरकार के बीच का मामला है। हसीना भारत में दो साल से ज्यादा समय से निर्वासित हैं और 16 दिसंबर को लौटना चाहती हैं, जबकि बांग्लादेश सरकार ने फिर दोहराया है कि उन्हें केवल प्रत्यर्पण के जरिए ही लाया जा सकता है। प्रवक्ता ने कहा कि बांग्लादेश के प्रत्यर्पण अनुरोध की निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच की जा रही है, और किसी नागरिक के अपने देश लौटने तथा उसके लिए जरूरी यात्रा दस्तावेजों का सवाल प्रत्यर्पण के अनुरोध से अलग है।

भारत ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों को निशाना बनाकर की जा रही हिंसा की घटनाओं पर चिंता जताई है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्रवक्ता ने कहा कि हिंसा की जो वारदातें हुई हैं, उन पर हम चिंता व्यक्त करते हैं और बांग्लादेश सरकार से अपेक्षा करते हैं कि इन मुद्दों की जांच होगी और इनके पीछे के लोगों को न्याय के कठघरे में लाया जाएगा।

गौरतलब है कि 16 दिसंबर वही दिन है जब बांग्लादेश 1971 के मुक्ति संग्राम में पाकिस्तान पर अपनी विजय का उत्सव मनाता है। हसीना के प्रवक्ता ने बयान में बताया कि उन्होंने बांग्लादेश सरकार से राष्ट्रीय विमानन कंपनी के विमान से दिल्ली से उनकी वापसी की व्यवस्था करने का आग्रह किया है। इस बयान पर ढाका में तीखी प्रतिक्रिया आई है और सरकार ने कहा है कि हसीना को हथकड़ियों में वापस लाया जाएगा। उधर, अवामी लीग ने 27 और 28 नवंबर को पूरे बांग्लादेश में पूर्ण लॉकडाउन का आह्वान किया है और सरकार के सामने आठ मांगें रखी हैं, जिनमें पार्टी से प्रतिबंध हटाना, राजनीतिक बंदियों की रिहाई और हसीना पर दर्ज मुकदमे वापस लेना शामिल है।