मुरादाबाद में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल हुआ है। एसएसपी सतपाल अंतिल का तबादला अयोध्या कर दिया गया है, जबकि उनकी जगह डॉ. गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद का नया पुलिस कप्तान नियुक्त किया गया है। डॉ. ग्रोवर इससे पहले अयोध्या के एसएसपी थे।
डॉ. गौरव ग्रोवर 2013 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और मूल रूप से पंजाब के भटिंडा के रहने वाले हैं। अयोध्या से पहले वह गोरखपुर में कप्तान रहे, जहां सर्वाधिक समय तक कप्तान रहने का रिकॉर्ड उनके नाम है। इसके अलावा वह मथुरा और बहराइच में भी एसपी के दायित्व का निर्वाह कर चुके हैं। मुरादाबाद बतौर कप्तान उनका पांचवां जिला है। जनवरी में उनके डीआईजी पद पर प्रोन्नत होने की बात कही जा रही है।
मुरादाबाद में उनकी तैनाती के साथ एक दिलचस्प संयोग भी सामने आया है। साल 2020 में जब वह मथुरा के एसएसपी थे, तब जिले के डीएम अनुनय झा वहां के नगर आयुक्त थे। अब मुरादाबाद में अनुनय झा डीएम हैं और डॉ. ग्रोवर एसएसपी, ऐसे में दोनों की जोड़ी एक बार फिर साथ काम करती दिखेगी। डीएम 2015 बैच के आईएएस अधिकारी हैं।
इधर, 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी सतपाल अंतिल ने मुरादाबाद में दो साल पांच माह दो दिन की लंबी पारी खेली। जिले की पुलिस और प्रशासनिक मशीनरी में बदलाव के बीच लंबे समय से जिले में तैनात अंतिल का तबादला शुक्रवार को हुआ और उन्हें एसएसपी अयोध्या जैसी महत्वपूर्ण तैनाती दी गई है।
