खंडवा/ओंकारेश्वर: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने खंडवा दौरे के दौरान ओंकार पर्वत की पहाड़ियों पर स्थित भैरव गुफा में रहने वाले अवधूत संत सुखदेव मुनि से भेंट की। मुख्यमंत्री दादा गुरु की नर्मदा यात्रा में शामिल होने के लिए ओंकारेश्वर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने एकांतवासी संत के दर्शन करने का निर्णय लिया। उनके साथ कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने दुर्गम और पथरीले रास्तों को पैदल पार कर गुफा तक पहुंचकर संत को शॉल और श्रीफल भेंट किया।
बताया जाता है कि संत सुखदेव मुनि पिछले तीन दशकों से भी अधिक समय से पूर्ण मौन धारण किए हुए हैं। वे प्रतिदिन सूर्य की ओर मुख करके कठोर तपस्या में लीन रहते हैं। वे न किसी से संवाद करते हैं और न ही किसी के आने-जाने से उन पर कोई प्रभाव पड़ता है। गजानन आश्रम के सेवादार निःस्वार्थ भाव से उनकी सेवा और देखरेख में जुटे रहते हैं।
भेंट के दौरान संत ने मुख्यमंत्री द्वारा अर्पित शॉल-श्रीफल स्वीकार नहीं किया और न ही कोई प्रतिक्रिया या आशीर्वाद दिया। सांसारिक मोह-माया से विरक्त संत अपनी साधना में अविचल रहे।
आज के भौतिकतावादी दौर में, जब आध्यात्मिकता को अक्सर भव्य आयोजनों और सुविधाओं से जोड़कर देखा जाता है, संत सुखदेव मुनि का जीवन त्याग और वैराग्य का एक विरल उदाहरण माना जा रहा है। प्रकृति की गोद में बिना किसी अपेक्षा के उनका यह तपस्वी जीवन गहन साधना का दृष्टांत प्रस्तुत करता है।
