मध्य प्रदेश में गांवों में होने वाली शादियों का रिकॉर्ड पंचायत स्तर पर रखने की व्यवस्था की जा सकती है। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति पर रोक लगाने के लिए पंचायतों को सीधे निगरानी की जिम्मेदारी देने की तैयारी है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास एवं श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने राजगढ़ जिले के जीरापुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि पंचायत क्षेत्र में जब भी कोई विवाह होगा, उसका पंचायत में पंजीयन अनिवार्य करने के लिए नियम बनाए जाएंगे।
शुक्रवार को राजगढ़ जिले की जीरापुर तहसील की ग्राम पंचायत बांगपुरा में अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस और नई चेतना 5.0 जेंडर अभियान का राज्य स्तरीय शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मंत्री पटेल ने कहा कि बाल विवाह रोकना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के हर व्यक्ति को इसके लिए आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि वे नियमों में यह प्रावधान लाएंगे कि पंचायत के भीतर होने वाले हर विवाह का पंचायत में पंजीयन अनिवार्य होगा। मंत्री के मुताबिक, पंचायतें अपने स्तर पर निगरानी और जागरूकता के जरिए बाल विवाह जैसी कुरीति को खत्म करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
मंत्री ने कहा कि पंचायतों, स्कूलों, महिला स्व-सहायता समूहों, धर्मगुरुओं, सामाजिक संगठनों और प्रशासन को मिलकर इस दिशा में काम करना होगा। पंचायतों में विवाह का व्यवस्थित रिकॉर्ड रहने से बाल विवाह के मामलों की निगरानी आसान हो सकती है। उन्होंने बताया कि जिन ग्राम सभाओं में बाल विवाह का कोई मामला सामने नहीं आएगा, उन्हें प्रोत्साहित और सम्मानित किया जाएगा। वर्ष 2030 तक बाल विवाह उन्मूलन का लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रत्येक गांव और पंचायत को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
कार्यक्रम में उन सात बेटियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने बाल विवाह का विरोध कर अपनी पढ़ाई जारी रखी। इनमें सुनीता सोलंकी, निकिता, धापू, निशा, खुशी तंवर, खुशी वर्मा और माया लववंशी शामिल हैं। बाल संरक्षण के क्षेत्र में काम करने वाले लोक अधिकार केंद्र, राजगढ़ और खिलचीपुर को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इस दौरान 105 स्व-सहायता समूहों के लिए 5 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक दिया गया और बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए मुक्ति रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम में राज्यमंत्री गौतम टेटवाल, सांसद रोडमल नागर, राजगढ़ विधायक अमर सिंह यादव, खिलचीपुर विधायक हजारी लाल दांगी, भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर और कलेक्टर गिरिश कुमार मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री की घोषणा के बाद अब इस प्रस्ताव को नियमों में शामिल करने की प्रक्रिया और उसके लागू होने की व्यवस्था पर नजर रहेगी।
