करीब 100 साल पहले ब्रिटेन ले जाए गए नागा समुदाय के 39 पूर्वजों के अवशेष अब स्वदेश लौट रहे हैं। ब्रिटेन के ऑक्सफोर्ड स्थित पिट रिवर्स म्यूजियम में रखे ये अवशेष 27 नवंबर को नगालैंड पहुंचेंगे। नागा ट्राइब्स होहो (एनटीएच) और फोरम फॉर नागा रिकंसिलिएशन (एफएनआर) ने यह जानकारी दी। उनके मुताबिक, शनिवार को दीमापुर में इन पूर्वजों के सम्मान में एक विशेष कार्यक्रम होगा, जहां आम लोग दर्शन कर श्रद्धांजलि देंगे, फूल चढ़ाएंगे और प्रार्थना करेंगे। इसके बाद 30 नवंबर को दोपहर दो बजे कोहिमा के नागा सॉलिडेरिटी पार्क में इनका सार्वजनिक रूप से अंतिम संस्कार किया जाएगा।

पिट रिवर्स म्यूजियम में नागा समुदाय से जुड़ी चीजों का दुनिया का सबसे बड़ा संग्रह है, जिसका ज्यादातर हिस्सा 20वीं सदी की शुरुआत में ब्रिटिश अधिकारियों ने जमा किया था। संग्रहालय के अनुसार, 100 साल से भी पहले भारतीय सिविल सेवा के अधिकारी और मानवविज्ञानी जॉन हेनरी हटन ने नागा पूर्वजों के पहले अवशेष इसे दिए थे। बाद में हटन और एक अन्य अधिकारी जेम्स फिलिप मिल्स ने मिलकर और अवशेष जुटाए। दोनों 1910 से 1940 के बीच ज्यादातर अवशेष ऑक्सफोर्ड ले गए थे। इतिहास के दस्तावेजों से पता चलता है कि इनमें से कुछ अवशेष जबरदस्ती लिए गए थे और इन्हें हासिल करने के लिए अंग्रेजी शासन के समय सैन्य हमले भी किए गए थे।

साल 2020 में संग्रहालय से बातचीत के बाद इन्हें वापस लाने की कोशिश शुरू हुई। एफएनआर ने नागा संगठनों और समुदायों के साथ मिलकर इस पर काम किया और नवंबर 2020 में संग्रहालय ने इन सभी अवशेषों को प्रदर्शनी से हटा दिया था। ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी की काउंसिल ने 9 नवंबर को संग्रहालय में एक कार्यक्रम में 39 पूर्वजों के अवशेषों की जिम्मेदारी आधिकारिक तौर पर एनटीएच और एफएनआर के जरिए नागा समुदाय को सौंप दी।

इस कार्यक्रम की तैयारी एनटीएच और एफएनआर ने की है, जिनके साथ नागा स्टूडेंट्स फेडरेशन और नागा पीपुल्स मूवमेंट फॉर ह्यूमन राइट्स भी हैं। इन संगठनों ने नागा समुदाय के लोगों, संस्थाओं और उनके दोस्तों से इस ऐतिहासिक मौके पर आने की अपील की है। उनका कहना है कि पूर्वजों की घर वापसी सम्मान और अपनेपन का पल है। उन्हें उम्मीद है कि इससे पुराने घाव भरेंगे और समुदाय में आपसी एकता बढ़ेगी।