कॉकरोच जनता पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास को दिल्ली एयरपोर्ट पर रोके जाने के मामले में बुधवार को विदेश मंत्रालय ने प्रतिक्रिया दी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि उनके पासपोर्ट में दर्ज जन्मस्थान की जानकारी पर स्पष्टीकरण मांगा गया है। चेन्नई के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने 23 नवंबर को उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर 7 दिन में जवाब देने को कहा था। जवाब देने तक उन्हें पासपोर्ट का इस्तेमाल न करने की सलाह दी गई है।

सौरव दास ने विदेश यात्रा पर रोक के खिलाफ बुधवार को दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की। उनके वकील ने एक्टिंग चीफ जस्टिस नितिन वासुदेव सांबरे और जस्टिस संजय शर्मा की बेंच के सामने जल्द सुनवाई की मांग की।

सौरव दास का आरोप है कि उन्हें ‘कॉकरोच मूवमेंट’ पर बोलने के लिए यूके जाना था। 23 नवंबर को दिल्ली एयरपोर्ट पर रात 1 बजे की फ्लाइट थी, लेकिन उन्हें इसमें जाने नहीं दिया गया और इमिग्रेशन काउंटर पर रोक दिया गया। उन्होंने बताया कि उन्हें ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, LSE और एडिनबर्ग जैसे विश्वविद्यालयों से कॉकरोच मूवमेंट पर बात करने के निमंत्रण मिले थे। आधिकारिक लिस्टिंग के मुताबिक, एक दिसंबर को ऑक्सफोर्ड यूनियन में पैनल चर्चा होनी है, जिसमें उन्हें शामिल होने के लिए बुलाया गया था। ऑक्सफोर्ड यूनियन एक स्वतंत्र रूप से चलने वाली डिबेटिंग सोसाइटी है, जो ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी का हिस्सा नहीं है।

दीपके ने सौरव दास का समर्थन करते हुए कहा था कि सरकार CJP की लोकप्रियता से घबराई है। उन्होंने कहा कि जब वे एयरपोर्ट पर थे तब उन्हें इमिग्रेशन पर रोक दिया गया और कहा गया कि वे भारत से बाहर नहीं जा सकते। दीपके ने कहा कि अगर दास ने कोई धोखाधड़ी या घोटाला किया होता तब भी उन्हें एयरपोर्ट पर इस तरह नहीं रोका जाता और ये सभी बहाने हैं।