अरुणाचल प्रदेश के कुछ जगहों का नाम बदलने को लेकर भारत और चीन के बीच तनातनी के बीच दोनों देशों की सेनाओं ने इस महीने अरुणाचल प्रदेश सेक्टर में उच्चस्तरीय वार्ता की। विदेश मंत्रालय ने बुधवार (25 नवंबर) को यह जानकारी दी। मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने नियमित प्रेस वार्ता में बताया कि बातचीत में सीमा प्रबंधन को बेहतर बनाने और वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर लंबित मुद्दों के समाधान पर ध्यान दिया गया।
जायसवाल के अनुसार, इस तरह की बातचीत का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और स्थिरता बनाए रखना तथा किसी भी तरह के तनाव को बढ़ने से रोकना है। उन्होंने कहा कि भारत और चीन कूटनीतिक एवं सैन्य माध्यमों से नियमित रूप से संपर्क में रहते हैं। इस महीने के दूसरे सप्ताह में हुई इस वार्ता में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व लेफ्टिनेंट जनरल गिरीश कालिया ने किया, जो दीमापुर (नगालैंड) के पास मुख्यालय वाली सेना की तीसरी कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग हैं। चीनी पक्ष का नेतृत्व उनके समकक्ष अधिकारी ने किया।
यह वार्ता ऐसे समय हुई है जब अरुणाचल प्रदेश के अपर सुबनसिरी क्षेत्र में चीनी सैनिकों की आक्रामक सैन्य गतिविधियों की खबरें सामने आई थीं। इससे पहले सितंबर में भी दोनों सेनाओं के वरिष्ठ सैन्य कमांडरों ने अरुणाचल प्रदेश सेक्टर में सीमा के दोनों ओर दो चरणों में फ्लैग मीटिंग की थी। बता दें कि 2020 में पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़पों के बाद दोनों देशों के संबंधों में भारी तनाव आ गया था और भारतीय सेना के करीब 50,000 जवान पूर्वी लद्दाख के विभिन्न पहाड़ी क्षेत्रों में तैनात हैं। अधिकारियों के अनुसार, चीन ने भी इतनी ही संख्या में सैनिकों की तैनाती की है।
प्रेस वार्ता में जायसवाल से उस रिपोर्ट पर भी सवाल पूछा गया, जिसमें कहा गया था कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सैनिकों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पाकिस्तान ने चीन के उपग्रहों से मिले आंकड़ों का इस्तेमाल किया हो सकता है। उन्होंने कहा कि मीडिया में इस मुद्दे पर कुछ खबरें देखी गई हैं और ऐसे घटनाक्रमों पर करीब से नजर रखी जाएगी, जिनका सुरक्षा हितों पर असर पड़ सकता है, तथा उचित कदम उठाए जाएंगे। गौरतलब है कि अक्टूबर 2024 में दोनों पक्षों ने पूर्वी लद्दाख में देपसांग और डेमचोक से सैनिकों की वापसी के समझौते को अंतिम रूप दिया था, जिसके बाद पीएम नरेन्द्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच कजान में बातचीत हुई थी।
