प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंत्रियों से 15 दिसंबर से पहले संसद के अगले सत्र की तैयारियां पूरी करने को कहा है। बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में संसद के अगले सत्र पर चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक, मोदी ने कहा कि सत्र 15 दिसंबर से पहले बुलाया जाना चाहिए। उन्होंने मंत्रियों को सत्र से पहले विदेश यात्रा से बचने की सलाह भी दी है। हालांकि, सत्र की तारीख और अवधि संसदीय मामलों की कैबिनेट समिति तय करेगी।
सरकार परिसीमन बिल ला सकती है। लोकसभा की सीटें 850 तक बढ़ाने की तैयारी है। बिल को पास कराने के लिए लोकसभा में दो-तिहाई यानी 360 वोट चाहिए। लोकसभा में 543 सांसद हैं, जिनमें 3 सीटें खाली हैं और NDA के 318 सांसद हैं। अगर डीएमके के 22 सांसद बिल का समर्थन करते हैं तो समर्थन में 340 सांसद हो जाएंगे, यानी भाजपा को लगभग 20 सांसदों की और जरूरत होगी। राज्यसभा में 245 सीटें हैं, 3 खाली हैं। 240 में से NDA के 153 सांसद हैं और बिल पास कराने के लिए 162 सांसद चाहिए, यानी यहां भी NDA को छोटी पार्टियों के 9 सांसदों की जरूरत पड़ेगी।
पिछले सत्र से अब तक लोकसभा में डीएमके 'इंडिया' गठबंधन से औपचारिक रूप से अलग हो गई। टीएमसी में बड़ी बगावत हुई और 21 सांदद टूटकर एनसीपीआई में शामिल हो गए। शिवसेना (यूबीटी) के 6 सांसदों ने पाला बदलकर अलग गुट बना लिया और NDA को समर्थन दिया। अब केंद्र सरकार डीएमके से समर्थन जुटाने के लिए बातचीत कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, सरकार कुछ छोटे दलों के संपर्क में भी है ताकि सदन में उसका संख्या बल मजबूत हो सके।
लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी, लेकिन 103 दिन बाद भी मानसून सत्र औपचारिक रूप से समाप्त नहीं हुआ था। इससे पहले 2008 में संसद का सत्र 87 दिन तक बिना औपचारिक समापन के रहा था। मानसून सत्र 20 जुलाई को शुरू हुआ था। सरकार ने अप्रैल में परिसीमन और महिला आरक्षण को पास कराने के लिए 15 से 17 अप्रैल तक तीन दिन का विशेष सत्र बुलाया था, लेकिन बिल पास नहीं हो पाया। उस वक्त उपस्थित 528 सांसदों में पक्ष में 298 और विपक्ष में 230 वोट पड़े। दो-तिहाई बहुमत के लिए 352 वोट चाहिए थे, इस तरह बिल 54 वोट से गिर गया।
