संसद का मानसून सत्र 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के 103 दिन बाद भी आधिकारिक रूप से खत्म नहीं हुआ है। इस बीच सूत्रों के हवाले से खबर है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में 15 दिसंबर से पहले संसद का अगला सत्र बुलाने का संकेत दिया। उन्होंने मंत्रियों से अगले सत्र की तैयारी पूरी रखने और इस दौरान विदेश यात्रा से बचने को कहा है। सत्र की तारीख और अवधि संसदीय कार्य संबंधी मंत्रिमंडलीय समिति तय करेगी।

सत्रावसान न होने को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है। विपक्षी दलों का कहना है कि सत्र स्थगित हुए 100 से अधिक दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक सत्रावसान की घोषणा नहीं हुई। इस देरी से संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने की अटकलें तेज हो गई हैं, खासकर लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों के प्रस्तावित परिसीमन के संदर्भ में।

अब सबकी नजर इस पर है कि क्या सरकार परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण विधेयक को फिर से पेश करेगी। इस संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत यानी 361 सदस्यों के समर्थन की जरूरत होगी। तीन सीट रिक्त होने के कारण लोकसभा में फिलहाल 540 सदस्य हैं। राजग के पास 320 सदस्य हैं, इसलिए उसे विपक्षी दलों के समर्थन की जरूरत होगी। अप्रैल में विधेयक के गिर जाने के बाद 26 सांसद विपक्षी खेमे से अलग हो चुके हैं, जिससे सरकार की स्थिति मजबूत हुई है।

तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों ने एनसीपीआई में विलय कर राजग को समर्थन देने का भरोसा दिया है, जबकि शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के छह सांसद एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए हैं। इस बदलाव में 22 सदस्यों वाली द्रमुक और आठ सदस्यों वाली राकांपा (शरदचंद्र पवार) अहम भूमिका निभा सकती हैं। विपक्ष ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के खिलाफ अभियान तेज कर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है, जिससे आगामी सत्र में हंगामे के आसार हैं। सत्तारूढ़ गठबंधन के एक सांसद के अनुसार, सदन सुचारू रूप से चले बिना संविधान संशोधन विधेयक पर चर्चा और मतदान संभव नहीं होगा।