तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर ने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय से पूछा है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद दीपाथून पर दीया क्यों नहीं जलाया गया। राज्यपाल ने संविधान के अनुच्छेद 167 (b) का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री से लिखित जवाब मांगा है। एक अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि राज्यपाल ने मुख्यमंत्री से जवाब मांगा है।

मदुरै के पास तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर 24 नवंबर की रात कार्तिगई दीपम के दौरान दीया जलाया गया, लेकिन वह सुप्रीम कोर्ट द्वारा बताए गए पत्थर के खंभे (दीपाथून) पर नहीं, बल्कि उची पिल्लयार मंदिर के पास दीप मंडपम में जलाया गया। सुप्रीम कोर्ट ने हाल के एक आदेश में कहा था कि इस बार एक बार के उपाय के तौर पर दीपाथून पर दीया जलाया जाए। यह फैसला हिंदू संगठनों की याचिका पर आया था।

मंदिर प्रशासन ने इस फैसले का बचाव किया है। उची पिल्लयार मंदिर के न्यासी बोर्ड के अध्यक्ष वी. षणमुगसुंदरम ने प्रेस नोट जारी कर कहा कि कार्तिगई दीपम सदियों से पहाड़ी के ऊपर उची पिल्लयार मंदिर के पास दीप मंडपम में ही जलाया जाता रहा है और यह जगह मुख्य देवता के सिर के ठीक ऊपर है। बोर्ड के अनुसार सर्वसम्मति से तय किया गया कि दीया पारंपरिक जगह पर ही जलाया जाए। वहीं, मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्णा ने सुप्रीम कोर्ट को दी गई स्टेटस रिपोर्ट में दीपाथून में दीया न जलाने के लिए माफी मांगी है और बताया कि कोर्ट के 20 नवंबर के आदेश के अनुसार 21 से 24 नवंबर के बीच सभी जरूरी कदम उठाए गए थे।

इस मामले पर प्रदेश में सियासत तेज है। कांग्रेस, लेफ्ट पार्टियों और विदुथलाई चिरुथैगल काची (VCK) ने इस कदम का स्वागत किया है और कहा है कि सदियों पुरानी परंपराओं का सम्मान किया गया। वहीं भारतीय जनता पार्टी (BJP), ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) और कई हिंदू संगठनों ने सरकार की आलोचना की है और आरोप लगाया है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अनदेखी की गई। बता दें कि यह विवाद सालों पुराना है। दीपाथून पहाड़ी के ऊपरी हिस्से पर स्थित एक पुराना पत्थर का दीया-स्तंभ है, जो हजरत सुल्तान सिकंदर बादुशा औलिया दरगाह से लगभग 50 मीटर की दूरी पर है।