गोपालगंज की जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम संजीव कुमार सिंह की अदालत ने पूर्व सांसद नगीना राय हत्याकांड में पूर्व विधायक बच्चा चौबे के पुत्रों परमात्मा चौबे और ब्रजभूषण चौबे को दोषी करार दिया है। मामले के तीसरे आरोपित सत्येंद्र उपाध्याय को अदालत ने संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया। दोषी ठहराए गए दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है और अब आठ दिसंबर को सजा के बिंदु पर सुनवाई होगी। अदालत ने हत्याकांड के 35 वर्षों तक लंबित रहने पर नाराजगी भी जताई।

कुचायकोट थाना में दर्ज कांड संख्या 40/1991 के अनुसार, गोपालपुर गांव निवासी पूर्व सांसद एवं बिहार सरकार में मंत्री रहे नगीना राय 10 अप्रैल 1991 को पटना से गोपालगंज लौट रहे थे। गोपालगंज को-ऑपरेटिव बैंक में कुछ लोगों से मुलाकात के बाद वे घर के लिए निकले थे। शाम करीब छह बजे उनकी जीप कुचायकोट थाना क्षेत्र के भोपतिपुर गांव पहुंची, जहां सड़क पर गन्ना लदी बैलगाड़ी के कारण जीप रुक गई।

इसी दौरान वहां पहले से मौजूद सात से आठ लोगों ने नगीना राय पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। सरेराह हुई इस गोलीबारी में उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।

बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता अनिल कुमार दुबे ने पैरवी की, जबकि अभियोजन पक्ष की ओर से एपीपी धर्मदेव सिंह और अधिवक्ता वेद प्रकाश तिवारी ने अदालत के समक्ष साक्ष्य और दलीलें प्रस्तुत कीं। फैसले के बाद दोषी करार दिए गए अभियुक्तों के चेहरों पर मायूसी देखी गई और अदालत परिसर में इस मामले को लेकर चर्चा होती रही।