कोलकाता स्थित इंडियन स्टैटिस्टिकल इंस्टीट्यूट (ISI) की गणितज्ञ प्रोफेसर नीना गुप्ता को टाइम मैगजीन की पहली 'TIME100 नेक्स्ट इंडिया 2026' सूची में 'हेल्थ एंड साइंस इनोवेटर्स' श्रेणी में जगह मिली है। यह सूची देश की उन प्रभावशाली हस्तियों को पहचान देती है, जो अपने काम के जरिए भारत के भविष्य को नई दिशा दे रही हैं।

प्रोफेसर नीना गुप्ता ने अलजेब्रिक ज्योमेट्री की जटिल और करीब सात दशक पुरानी 'जारिस्की कैंसिलेशन प्रॉब्लम' (Zariski Cancellation Problem) को सुलझाया है। यह समस्या लंबे समय से दुनिया भर के शीर्ष गणितज्ञों के लिए एक अनसुलझी चुनौती बनी हुई थी। उनके इस शोध ने आधुनिक गणित को नया दृष्टिकोण दिया है।

नीना गुप्ता का जन्म पश्चिम बंगाल के कोलकाता में हुआ। बचपन से ही उन्हें गणित की पहेलियां सुलझाने में रुचि थी। उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा और पीएचडी की डिग्री इंडियन स्टैटिस्टिकल इंस्टीट्यूट, कोलकाता से प्राप्त की। शोध के दौरान उन्होंने प्रोफेसर अमर्त्य कुमार दत्ता के मार्गदर्शन में बीजगणित में विशेषज्ञता हासिल की। शिक्षा पूरी करने के बाद वे इसी संस्थान में प्रोफेसर के रूप में नियुक्त हुईं और तब से अध्यापन व शोध के क्षेत्र में काम कर रही हैं।

इसके अलावा नीना गुप्ता को 2022 में इंटरनेशनल कांग्रेस ऑफ मैथमेटिशियंस (ICM) और 2025 में अमेरिकन मैथमेटिकल सोसाइटी के प्रतिष्ठित एमी नोएथर लेक्चर देने के लिए आमंत्रित किया गया। उनकी यह सफलता विज्ञान और गणित के क्षेत्र में करियर बनाने वाले युवाओं के लिए प्रेरणा है।