नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह रविवार को दो दिवसीय भारत दौरे पर पहुंचे। सोमवार को उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात होगी। विदेश मंत्रालय से जुड़े सूत्रों के मुताबिक इस यात्रा में दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत करना सबसे बड़ा एजेंडा होगा। मार्च में पद संभालने के बाद बालेन शाह की यह पहली भारत यात्रा है। दोनों देश इस दौरे को लेकर उत्साहित हैं, क्योंकि राजशाही खत्म होने के बाद पहली बार नेपाल में किसी प्रधानमंत्री की सरकार स्पष्ट बहुमत से सत्ता में आई है।

रविवार को दिल्ली में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बालेन शाह से मुलाकात की। उनके आगमन पर वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया। विदेश मंत्रालय ने इस यात्रा को दोनों पड़ोसी देशों के बीच लंबे समय से चली आ रही और बहुआयामी साझेदारी को और मजबूत करने का अवसर बताया है। सूत्रों के मुताबिक भारत नेपाल के पुननिर्माण के लिए एक बड़े पैकेज का ऐलान कर सकता है। नेपाल में कुछ समय पूर्व बाढ़ से भारी तबाही मची थी और भारत ने तब राहत कार्य में मदद की थी।

मंत्रालय सूत्रों ने कहा कि इस यात्रा के एजेंडे में सीमा विवाद पर चर्चा को शामिल नहीं किया गया है। इस प्रकार के विवादों को सुलझाने के लिए दोनों देशों के बीच अधिकारियों का तंत्र स्थापित है। दिल्ली विवि के प्रोफेसर सुधीर सिंह ने कहा कि नेपाल और चीन के बीच संबंधों में तल्खी के बीच यह यात्रा भारत के लिए महत्वपूर्ण है और PM मोदी तथा बालेन शाह की बैठक से चीन को संदेश मिल सकता है।

इस बीच अयोध्या से नेपाल के जनकपुरधाम के बीच चलने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस का उद्घाटन सोमवार को होगा। उद्घाटन स्पेशल ट्रेन नंबर 04295 अयोध्या धाम से दोपहर 12:30 बजे रवाना होगी। दिल्ली से प्रधानमंत्री मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे।