आत्मकथा प्रकाशित होने के बीच भारतीय जनता पार्टी के सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी पर मारुति कंपनी से जुड़े कई आरोप लगाए हैं। 'कांग्रेस का काला अध्याय' नाम की सीरीज में उन्होंने दावा किया कि विदेशी नागरिक होने के बावजूद सोनिया गांधी को 1970 में मारुति टेक्निकल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड का डायरेक्टर बनाया गया और उन्हें 50 प्रतिशत शेयरहोल्डर बताया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के नियमों के अनुसार कोई विदेशी नागरिक किसी भारतीय कंपनी का डायरेक्टर नहीं बन सकता, फिर वह डायरेक्टर कैसे बनीं।
दुबे ने लिखा कि 21 नवंबर 1970 को संजय गांधी ने सोनिया गांधी की मारुति टेक्निकल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक समझौता किया। उन्होंने दावा किया कि 1969 में प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने एक कैबिनेट आदेश जारी किया, जिससे सोनिया गांधी की कंपनी को कारें बनाने की इजाजत मिल गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 3 अप्रैल 1972 को संजय गांधी ने इस कंपनी के लिए भारत सरकार के खर्च पर दुनिया भर की यात्रा की और प्रधानमंत्री कार्यालय ने कंपनी को स्थापित करने में भूमिका निभाई। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रधानमंत्री कार्यालय के भीतर एक निजी कंपनी का दफ्तर कैसे खुल गया और प्रधानमंत्री के निजी सचिव आरके धवन इसके निदेशक कैसे बन गए।
सांसद ने मारुति परियोजना के लिए जमीन आवंटन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उस समय हरियाणा सरकार के नियमों के तहत किसी विदेशी नागरिक के नाम पर जमीन आवंटित नहीं की जा सकती थी, फिर भी 1970 में सोनिया गांधी को जमीन कैसे आवंटित की गई। उन्होंने पूछा कि क्या बैंकों का राष्ट्रीयकरण सिर्फ इसलिए नहीं किया गया था ताकि उनकी कंपनियों को लोन दिया जा सके। दुबे ने दावा किया कि राज्य सरकारों को मारुति को बस की बॉडी बनाने के लिए एडवांस पेमेंट करने का निर्देश दिया गया, जबकि कंपनी का कामकाज शुरू भी नहीं हुआ था, और सरकारी कंपनियों ने बिना भुगतान के मारुति को सीमेंट, स्टील और कोयला उपलब्ध करा दिया।
अपनी पोस्ट के अंत में निशिकांत दुबे ने सवाल किया कि गांधी परिवार ने बिना कोई बड़ा निजी निवेश किए एक बड़ा बिजनेस कैसे खड़ा कर लिया, जबकि उन्हें सरकारी समर्थन और विशेष प्राथमिकताएं मिल रही थीं। उन्होंने लिखा कि सोनिया गांधी को अपनी किताब में यह बताना चाहिए कि उन्होंने अपना पैसा लगाए बिना इतनी बड़ी कंपनी कैसे खड़ी की और प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने उन्हें मारुति कंपनी कैसे सौंप दी।
