पानीपत में गलत दिशा में वाहन चलाने पर रोक नहीं लग पा रही है। अगस्त और सितंबर माह में पुलिस ने गलत साइड चलने पर 1073 वाहनों के चालान किए, लेकिन इन्हीं दो महीनों में 103 सड़क हादसों में 60 लोगों की मौत हो गई। ये आंकड़े चौंकाने वाले हैं, और गलत साइड चलने की वजह उससे भी ज्यादा हैरान करने वाली है।

दरअसल, लोग महज 500 मीटर से एक किलोमीटर अतिरिक्त चलकर सीधा रास्ता अपनाने के बजाय शॉर्टकट के लिए गलत साइड चलने का जोखिम उठा रहे हैं। शहर को दो हिस्सों में बांटने वाला 10 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कारिडोर (जीटी रोड फ्लाईओवर) है। फ्लाईओवर के नीचे कुछ-कुछ दूरी पर 10 यू-टर्न और अंडर-क्रासिंग बने हुए हैं, जिनमें अनाज मंडी, सेक्टर 11-12, गोहाना मोड़, संजय चौक, एसडी कालेज, रेलवे रोड, लाल बत्ती, सिविल अस्पताल, लघु सचिवालय, स्काईलार्क रोड और तहसील कैंप मोड़ शामिल हैं। वाहन चालक सीधे रास्ते पर जाकर यू-टर्न से मुड़ने के बजाय शॉर्टकट लेते हैं, जो जोखिम भरा है।

जिले में करीबन 21 अवैध कट भी हैं। डीएसपी ट्रैफिक पानीपत सुरेश सैनी के अनुसार, गलत साइड को लेकर वाहन चालकों के खिलाफ चालान किए जा रहे हैं, वहीं अवैध कट बंद करवाने के लिए कहा गया है। जो अवैध कट बंद नहीं करेगा, उसके खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।