ऑपरेशन सिंदूर के बाद ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल में दुनिया भर की दिलचस्पी बढ़ी है। इसी बीच फिलीपींस भारत के साथ एक बड़ी डिफेंस डील करने की तैयारी में है। फर्स्टपोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, फिलीपींस अपनी सेना के लिए ब्रह्मोस मिसाइल सिस्टम की कम से कम 6 एक्सट्रा बैटरी खरीदने पर विचार कर रहा है। इसके अलावा वह आकाश एयर डिफेंस सिस्टम की 5 से अधिक रेजिमेंट और पिनाका रॉकेट लॉन्चर खरीदने की भी योजना बना रहा है। दोनों देशों के बीच हेलीकाप्टर और अंतरिक्ष क्षेत्र में सहयोग को लेकर भी बातचीत चल रही है।
जानकारी के मुताबिक, फिलीपींस की थल सेना, नौसेना और वायुसेना के लिए आकाश एयर डिफेंस सिस्टम की खरीद पर बातचीत हो रही है। फिलीपींस के रक्षा अधिकारियों को ऑपरेशन सिंदूर के दौरान आकाश सिस्टम के प्रदर्शन और इसे दूसरे एयर डिफेंस सिस्टम के साथ जोड़ने की जानकारी दी गई है। हालांकि, माना जा रहा है कि फिलीपींस वायुसेना लंबी दूरी तक मार करने वाले एयर डिफेंस सिस्टम में ज्यादा दिलचस्पी दिखा रही है।
भारत ने फिलीपींस को उसकी नौसेना के वॉरशिप पर ब्रह्मोस मिसाइल लगाने का प्रस्ताव भी दिया है। यह प्रस्ताव इसलिए अहम है क्योंकि फिलीपींस ने जमीन से मिसाइल दागने वाले लॉन्चर के भारी वजन को लेकर चिंता जताई है। देश के कई इलाकों में पहाड़ और ऊबड़-खाबड़ रास्ते हैं, साथ ही सड़कों की हालत भी अच्छी नहीं है, जिससे भारी लॉन्चर को एक जगह से दूसरी जगह ले जाना मुश्किल होता है। फिलीपींस ने वॉरशिप पर ब्रह्मोस लगाने को लेकर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है, क्योंकि उसकी नौसेना के जहाजों में पहले से अमेरिका और दूसरे देशों के हथियार और उपकरण लगे हैं।
बातचीत में पेमेंट और पैसे के इंतजाम का तरीका एक बड़ा मुद्दा बना हुआ है। जानकारी के मुताबिक, फिलीपींस इन हथियारों की भारी लागत को देखते हुए पेमेंट की शर्तों में कुछ छूट चाहता है और उसे आसान भुगतान व्यवस्था चाहिए। साथ ही यह सवाल भी है कि क्या फिलीपींस इन हथियारों की खरीद के लिए भारत की ओर से दी जाने वाली लाइन ऑफ क्रेडिट का इस्तेमाल कर सकता है। मिली जानकारी के मुताबिक, फिलीपींस में डिफेंस डील के लिए विदेशों से कर्ज लेने पर कुछ पाबंदियां हैं।
